कबड्डी में पूर्वांचल और आजमगढ़ विश्वविद्यालय की शानदार जीत, अखिल भारतीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई
जौनपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में आयोजित पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालयीय कबड्डी (पुरुष) प्रतियोगिता में शुक्रवार को रोमांचक मुकाबले देखने खाे मिले। क्वार्टर फाइनल में मेजबान पूर्वांचल विश्वविद्यालय और महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ की टीमों ने जीत दर्ज कर अखिल भारतीय अंतर विश्वविद्यालयीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई कर लिया।
क्वार्टर फाइनल में मेजबान पूर्वांचल विश्वविद्यालय की टीम ने पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर को 44-22 अंकों से पराजित किया। वहीं, दूसरे क्वार्टर फाइनल में महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, आजमगढ़ ने पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय को 48-18 अंकों से हराकर अगले चरण में जगह बनाई।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में एलएन मिथिला विश्वविद्यालय और डॉ. सीवी रमन विश्वविद्यालय तथा चौथे मुकाबले में किट विश्वविद्यालय और महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की टीमें आमने-सामने रहीं।
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में एसजी गुरु विश्वविद्यालय ने बीएनएम विश्वविद्यालय को 55-33, पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने आरआईएस विश्वविद्यालय को 42-27 और एसएमके विश्वविद्यालय ने नॉर्थ लखीमपुर विश्वविद्यालय को 61-24 अंकों से हराया। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने एसएमपी विश्वविद्यालय को 47-25 से शिकस्त दी। मिथिला विश्वविद्यालय ने बर्दवान विश्वविद्यालय को 42-11 से पराजित किया।
अन्य मुकाबलों में वीकेएसयू आरा ने सीसीएसबी गया विश्वविद्यालय को 36-6, किट विश्वविद्यालय ने एचसीवाई विश्वविद्यालय को 32-17 और दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय ने एफएम विश्वविद्यालय को 56-13 अंकों से हराया। मिथिला विश्वविद्यालय ने वीकेएस विश्वविद्यालय को 57-28 से पराजित किया।
दूसरे दौर में पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय ने एसजी गुरु विश्वविद्यालय को 30-27 से हराया। पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय ने एसएमके विश्वविद्यालय को 22-20 से तथा किट विश्वविद्यालय ने दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय को 44-25 अंकों से पराजित किया।
इस अवसर पर प्रो. प्रमोद यादव, डॉ. शेखर सिंह, डॉ. नितेश जायसवाल, डॉ. प्रशांत राय, रजनीश सिंह और राजेश सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

