पूर्व विधायक प्रताप चौधरी के नेतृत्व में निकली भव्य तिरंगा यात्रा
हाथरस, 02 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर को सादाबाद क्षेत्र में पूर्व विधायक प्रताप चौधरी के नेतृत्व में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में सादाबाद विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ आगरा बाईपास स्थित पूर्व विधायक प्रताप चौधरी के कार्यालय से हुआ। यात्रा चौधरी चरण सिंह चौराहा पहुंची, जहां चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा मुख्य बाजार होते हुए गांधी पार्क पहुंची। यहां महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके सत्य, अहिंसा और देशसेवा के विचारों को याद किया गया।
इसके बाद तिरंगा यात्रा महेश वाल्मीकि की प्रतिमा तथा डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क पहुंची, जहां डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
यात्रा के दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा विभिन्न मार्गों से होती हुई पुनः आगरा बाईपास स्थित कार्यालय पहुंची, जहां इसका समापन किया गया। इस दौरान क्षेत्रीय लोगों में खासा उत्साह दिखाई दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

