home page

जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर लगेगी रोक : जिलाधिकारी

 | 
जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर लगेगी रोक : जिलाधिकारी


कानपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। संचारी रोगों की प्रभावी रोकथाम के लिए प्रत्येक नागरिक को स्वच्छता के प्रति सजग रहना होगा और अपने आसपास जलभराव नहीं होने देना चाहिए। जनसहभागिता के बिना इस अभियान को सफल नहीं बनाया जा सकता। यह बातें बुधवार को जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहीं।

विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारंभ मंगलवार को काकादेव स्थित गीता नगर पार्क (रामलीला मैदान) से किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जिलाधिकारी ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर की। इसके बाद उन्होंने उपस्थित छात्र-छात्राओं, स्वास्थ्य कर्मियों और अन्य लोगों को संचारी रोगों से बचाव, स्वच्छता अपनाने तथा अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखने की शपथ दिलाई।

जिलाधिकारी ने कहा कि डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया समेत अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए लोगों को अपने घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देना चाहिए। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से पूरे जनपद में विशेष साफ-सफाई अभियान, एंटी लार्वा का छिड़काव, फॉगिंग और जनजागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे। विभिन्न क्षेत्रों में लोगों को संचारी रोगों के लक्षण, बचाव के उपाय और समय पर उपचार के बारे में भी जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, स्कूली छात्र-छात्राएं और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। प्रशासन ने लोगों से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने और स्वच्छता को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप