home page

पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी और जागरूकता जरूरी : प्रकाश पाल

 | 
पर्यावरण संरक्षण के लिए जनभागीदारी और जागरूकता जरूरी : प्रकाश पाल


कानपुर, 05 जून (हि.स.)। पर्यावरण संरक्षण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है। बढ़ते प्रदूषण और प्लास्टिक कचरे से नदियों, समुद्रों तथा संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्वच्छ और हरित वातावरण के निर्माण के लिए लोगों को अपनी जीवनशैली में बदलाव लाते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार व्यवहार अपनाना होगा। यह बातें शुक्रवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहीं।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल और भाजपा कानपुर दक्षिण के जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के नेतृत्व में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर पौधारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

प्रकाश पाल ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने लोगों से बाजार जाते समय कपड़े या जूट के थैले का उपयोग करने की अपील की। साथ ही कहा कि घरों का कूड़ा-कचरा सड़कों या सार्वजनिक स्थानों पर फेंकने के बजाय नगर निगम के कूड़ा संग्रहण वाहनों में ही डालना चाहिए, जिससे स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में मदद मिले।

जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपने लगाए गए पौधे की नियमित देखभाल, सिंचाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। जब तक पौधे वृक्ष का रूप नहीं ले लेते, तब तक उनकी सेवा करना हमारा कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए गए छोटे-छोटे प्रयास भी आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ा योगदान साबित होंगे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी देखभाल करने, स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया, पूनम द्विवेदी, मंडल अध्यक्ष गौरव चतुर्वेदी, एल.बी. सिंह पटेल, पार्षद निर्देश सिंह चौहान, प्रवीण मिश्रा, ममता राजपूत, सुषमा चौहान, के.पी. सिंह, राकेश बाजपेई सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप