home page

बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल विद्या भारती जैसे संस्थानों में सम्भव: शिक्षा मंत्री

 | 
बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल विद्या भारती जैसे संस्थानों में सम्भव: शिक्षा मंत्री


--प्रान्तीय मेधा अलंकरण समारोह में काशी प्रान्त के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित

प्रयागराज, 25 मई (हि.स)। किसी भी छात्र की सफलता के पीछे उसके शिक्षक का सबसे बड़ा योगदान होता है। बच्चों का सर्वांगीण विकास केवल विद्या भारती जैसे पवित्र शिक्षण संस्थानों में ही सम्भव है। यह बातें उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने समारोह में सम्बोधित करते हुए कही।

भारतीय शिक्षा समिति पूर्वी उत्तर प्रदेश, काशी प्रान्त के तत्वावधान में सोमवार को ज्वाला देवी सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कॉलेज में ’प्रान्तीय मेधा अलंकरण समारोह’ का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार की माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी ने मेधावियों और शिक्षकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि आज के आधुनिक युग में समाज से जो मानवीय और नैतिक संस्कार लुप्त होते जा रहे हैं, उन्हें पुनर्जीवित करने का बीड़ा केवल विद्या भारती के विद्यालयों ने उठा रखा है। छात्र-छात्राओं को जीवन की हर चुनौती को सहर्ष स्वीकार करते हुए आगे बढ़ना चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्या भारती पूर्वी उ.प्र. के क्षेत्रीय मंत्री डॉ. सौरभ मालवीय ने विद्या भारती के वैश्विक और राष्ट्रीय योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा आज देश में विद्या भारती ही एकमात्र ऐसी संस्था है जो बालकों को मूल्य आधारित एवं संस्कारयुक्त शिक्षा देने का महती कार्य कर रही है। वर्तमान में विद्या भारती के विद्यालय देश के 684 जनपदों में संचालित हैं, जिनमें लगभग 43 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। हमारा उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत करना है। आज जहां विश्व में युद्ध और अशांति का माहौल है, वहीं विद्या भारती मातृ सम्मेलन और कुटुम्ब प्रबोधन जैसे रचनात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज और राष्ट्र में प्रेम व समरसता का भाव भर रही है।

समारोह में यूपी बोर्ड की हाईस्कूल एवं इण्टरमीडिएट परीक्षा में प्रदेश तथा जनपद की मेरिट सूची में स्थान बनाने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही, विगत दो वर्षों में प्रशासनिक सेवा, इंजीनियरिंग, चिकित्सा और खेल जगत में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर काशी प्रान्त का नाम रोशन करने वाले पूर्व भैया-बहनों को भी स्मृति चिन्ह और पुरस्कार देकर उनका सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि महापौर गणेश केसरवानी, विद्या भारती पूर्वी उ.प्र. के क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ. राम मनोहर एवं काशी प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी उपस्थित रहे। प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी ने नवागंतुक अतिथियों का परिचय कराया तथा स्मृति चिन्ह एवं अंगवस्त्रम भेंट कर उनका आदर-सत्कार किया।

समारोह में कंचन सिंह, भगवती सिंह, पी.एन. सिंह, शरद गुप्त, रघुराज सिंह, आर.एन. विश्वकर्मा सहित विद्या भारती के अनेक क्षेत्रीय एवं प्रान्तीय पदाधिकारीगण, प्रबन्ध समिति के सदस्य, प्रबुद्ध नागरिक, अभिभावक भारी संख्या में उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र