स्मार्ट मीटर को बताया खूनी मीटर, विरोध में ऊर्जा मंत्री को खून से लिखा पत्र
झांसी, 29 अप्रैल (हि.स.)। बिजली विभाग द्वारा लगाए जा रहे स्मार्ट बिजली मीटरों के विरोध में झांसी में आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने अनोखा विरोध दर्ज कराते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री को खून से पत्र लिखकर स्मार्ट मीटर हटाने की मांग की।
यह विरोध कार्यक्रम सुकुवा-ढुकुवा स्थित बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग एकत्र हुए। प्रदर्शनकारियों ने स्मार्ट मीटर को “खूनी मीटर” करार देते हुए आरोप लगाया कि इसके माध्यम से आम उपभोक्ताओं, विशेषकर गरीब वर्ग का शोषण किया जा रहा है।
प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि स्मार्ट मीटर के कारण बिजली बिलों में अनियमित बढ़ोतरी हो रही है और उपभोक्ताओं को बिना पर्याप्त जानकारी के आर्थिक बोझ झेलना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक सरकार इन मीटरों को हटाने का निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।
इस दौरान कांग्रेस पार्टी और समाजवादी पार्टी के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे, जिन्होंने सरकार की नीतियों के खिलाफ एकजुट होकर विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कर आम जनता को राहत देने की मांग की।
आंदोलनकारियों का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में यह विरोध और उग्र रूप ले सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

