प्रधानमंत्री पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में गरजे भाजपा पदाधिकारी
अशोभनीय व अभद्र टिप्पणी करना सपा की हताशा और मानसिक दिवालियापन को दर्शाता : गिरीश भंडूला
मुरादाबाद, 14 मई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुरादाबाद महानगर व जिला इकाई के तत्वाधान में गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में समाजवादी पार्टी(सपा)के लोकसभा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी के द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र व अशोभनीय टिप्पणी कर विरोध में प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की।
भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय व अभद्र टिप्पणी करना सपा की हताशा और मानसिक दिवालियापन को दर्शाता है। जनता लगातार समाजवादी पार्टी को नकार रही है, जिस कारण उसके नेताओं की भाषा और व्यवहार असंतुलित होते जा रहे हैं।
विधान परिषद सदस्य डॉ जयपाल सिंह व्यस्त कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विश्व स्तर पर भारत का सम्मान बढ़ाने के साथ देश को नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी के नेताओं को यह जन समर्थन और विकास रास नहीं आ रहा है। इस कारण अब वे व्यक्तिगत टिप्पणियों और अवध भाषा का सहारा ले रहे हैं।
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ शैफाली चौहान ने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी नेताओं को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है, जिसके चलते हुए इस प्रकार की बयानबाजी कर रहे हैं।
भाजपा प्रांतीय परिषद के सदस्य निमित जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री किसी दल विशेष के नहीं बल्कि पूरे देश के प्रधानमंत्री होते हैं। प्रधानमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करना देश के अपमान करने जैसा है।
इस मौके पर विशाल त्यागी, शमी भटनागर, भारत टंडन अर्चित गुप्ता, धर्मेंद्र नाथ मिश्रा, सुनीता शर्मा, आदेश चौधरी, विजयलक्ष्मी पंडित, रंजना शर्मा, रचना अग्रवाल, रुचि चौधरी, कविता गुप्ता, शीतल राजपूत, गीता शर्मा, पूर्णिमा खन्ना, अमित गुप्ता, चौधरी अजय दिवाकर, विपिन प्रजापति, सोमपाल प्रजापति, मुकेश भारद्वाज, दिनेश सिसोदिया, कपिल देव आदि उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

