मरीजों को समुचित उपचार एवं आवश्यक दवाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराएं : जिलाधिकारी
देवरिया, 26 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने मंगलवार को बैतालपुर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय का मंगलवार को औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से उपस्थित रहकर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतालपुर पहुंचे, जहां उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति पंजिका की जांच की। उन्होंने सभी कर्मचारियों को समयपालन एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान ओपीडी, प्रसव केंद्र, दवा वितरण कक्ष सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए उन्होंने कहा कि मरीजों को समुचित उपचार एवं आवश्यक दवाएं बिना किसी परेशानी के उपलब्ध कराई जाएं।
जिलाधिकारी ने अस्पताल परिसर एवं वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था पर विशेष जोर देते हुए निर्देशित किया कि स्वच्छता बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। साथ ही चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को मरीजों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कहा।
इसके बाद जिलाधिकारी ने लगभग 10 बजे खंड विकास अधिकारी कार्यालय बैतालपुर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने उपस्थिति पंजिका एवं विभिन्न अभिलेखों की जांच करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने तथा आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की विकास योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यों में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

