home page

दो माह में तैयार हो जाएगा विश्व स्तरीय ज्ञान विज्ञान पार्क

 | 
दो माह में तैयार हो जाएगा विश्व स्तरीय ज्ञान विज्ञान पार्क


दो माह में तैयार हो जाएगा विश्व स्तरीय ज्ञान विज्ञान पार्क


पार्क निर्माण में 15.90 करोड़ रुपये की आएगी लागत, अब तक 75 प्रतिशत से अधिक कार्य पूर्ण

हाईटेक उपकरणों से होगा सुसज्जित, महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क

गोरखपुर, 15 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर गोरखपुर में वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला परिसर में बन रहा विश्व स्तरीय ज्ञान विज्ञान पार्क दो माह में तैयार हो जाएगा। ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में बनने वाले इस पार्क में बच्चे खेल-खेल में विज्ञान की बारीकियां सीखेंगे। यह अपने तरह का राज्य का दूसरा विज्ञान पार्क होगा। इसके निर्माण पर 15.90 करोड़ रुपये की लागत आ रही है। कार्यदायी संस्था गोरखपुर विकास प्राधिकरण (जीडीए) के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने निर्माण 20 सितंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य अधीनस्थों को दिया है। फिलहाल इसकी भौतिक प्रगति 75 प्रतिशत से अधिक है।

महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क सबसे आधुनिकतम होगा। इसका निर्माण 3 जुलाई 2024 को शुरू हुआ था। तय कार्ययोजना के अंतर्गत अब तक एंट्रेंस प्लाजा, कैनोपी कैफेटेरिया, टिकट घर, सोवेनियर शॉप, ओपेन एयर थिएटर, डायनासोरियम, इलेक्ट्रिक सब स्टेशन के स्ट्रक्चर का कार्य पूर्ण हो गया है। एस्ट्रोनॉमी एंड इंडियन स्पेस प्रोग्राम गैलरी में स्टोन फ्लोरिंग का काम प्रगति पर है।

जीडीए के उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल के अनुसार निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह ज्ञान विज्ञान पार्क गोरखपुर सहित समूचे पूर्वी उत्तर प्रदेश के बच्चों के लिए शिक्षा और मनोरंजन का एक बेहतरीन केंद्र साबित होगा।

डायनासोरियम होगा खास आकर्षण, विज्ञान के गूढ़ रहस्यों को समझने में होगी आसानी

महंत अवेद्यनाथ ज्ञान विज्ञान पार्क को हाईटेक और इंटरैक्टिव बनाया जा रहा है ताकि विद्यार्थी किताबी ज्ञान से इतर व्यावहारिक तरीके से विज्ञान के गूढ़ रहस्यों को आसानी से समझ सकें। ज्ञान विज्ञान पार्क का एक खास आकर्षण 'डायनासोरियम' भी होगा, जो छात्रों को प्रागैतिहासिक काल के जीवों के बारे में रोमांचक जानकारियां देगा। इसके अलावा, भारतीय अंतरिक्ष कार्यक्रम और खगोल विज्ञान पर आधारित विशेष गैलरी युवाओं में विज्ञान और अनुसंधान के प्रति रुचि जगाने का काम करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय