home page

प्रत्येक माह होने वाले किसान दिवस में प्रगतिशील व नवाचारी कृषक आएं : जिलाधिकारी राजेन्द्र पैंसिया

 | 
प्रत्येक माह होने वाले किसान दिवस में प्रगतिशील व नवाचारी कृषक आएं : जिलाधिकारी राजेन्द्र पैंसिया


मुरादाबाद, 21 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला मुख्यालय के कलेक्ट सभागार में गुरुवार को जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल की उपस्थिति में किसान दिवस आयोजित हुआ। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक माह होने वाले किसान दिवस में प्रगतिशील व नवाचारी कृषकों को बुलाएं।

जिलाधिकारी द्वारा उप कृषि निदेशक को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक माह आयोजित होने वाले किसान दिवस में प्रगतिशील कृषक, जिसमें दो सोलर पम्प के लाभार्थी कृषक, दो कृषि वैज्ञानिक, जो अपने साथ तीन नवाचारी कृषकों को लाएंगे। मत्स्य पालन करने वाले तीन कृषक, पांच पशुपालक कृषक, पांच गन्ना कृषक, उद्यान विभाग के पांच ग्रामीण एवं पांच शहरी कृषक, पांच कृषक सहकारिता विभाग, फसल बीमा से संबंधित पांच कृषक, पांच कृषक दुग्ध उत्पादन विभाग के प्रतिभाग करेंगे। इसके साथ ही स्ट्रॉबेरी, लीची, मोती, जैविक कृषि, मिलेट्स से संबंधित दस कृषकों, दस एफपीओ से संबंधित कृषक, कृषि से संबंधित स्वयं सहायता समूह के पांच सदस्य, प्रत्येक किसान संगठन के 10-10 कृषक प्रतिनिधि, बैठक की शुरूआत के आधा घंटे कृषि बैठक, आधा घंटे एफपीओ की बैठक एवं एक घण्टा किसान दिवस बैठक का आयोजन किया जायेगा।

इसके साथ ही जिलाधिकारी के निर्देश पर किसानों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए किसान दिवस ग्रुप मुरादाबाद के नाम से बनाया गया है। इससे किसान अपनी समस्याओं का समाधान ग्रुप में सन्देश भेजकर प्राप्त कर सकते हैं। जिलाधिकारी द्वारा यह भी निर्देश दिये गये कि उत्तर प्रदेश सरकार के शासनादेश के परिपालन में किसान दिवस से संबंधित सभी अधिकारी अनिवार्य रूप से किसान दिवस में प्रतिभाग करेंगे। किसी अपरिहार्य स्थिति में संबंधित अधिकारी मुख्य विकास अधिकारी/जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त करने के उपरान्त ही अनुपस्थित रहेंगे, परन्तु उनकी अनुपस्थिति में कार्यालय के वरिष्ठतम अधिकारी किसान दिवस में प्रतिभाग करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल