home page

कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डेटा विज्ञान में दक्षता से खुलेगा बेहतर भविष्य : डॉ. प्रताप नारायण पाठक

 | 
कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डेटा विज्ञान में दक्षता से खुलेगा बेहतर भविष्य : डॉ. प्रताप नारायण पाठक


कानपुर, 21 अप्रैल (हि.स.)। कृत्रिम बुद्धिमत्ता आज हर क्षेत्र में तेजी से अपनी उपयोगिता सिद्ध कर रही है। विद्यार्थियों के लिए इन तकनीकों की गहरी समझ विकसित करना आवश्यक है। इस प्रकार की कार्यशालाएं उन्हें सैद्धांतिक ही नहीं बल्कि व्यावहारिक ज्ञान भी प्रदान करती हैं। एआई और डेटा विज्ञान में भविष्य की अपार संभावनाएं हैं। सही प्रशिक्षण से छात्र अपने करियर को नई दिशा दे सकते हैं,” यह बातें मंगलवार को डॉ. प्रताप नारायण पाठक ने कही।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ बेसिक साइंसेज द्वारा 17 से 21 अप्रैल तक “कृत्रिम बुद्धिमत्ता के मूल सिद्धांत एवं इसके अनुप्रयोग: भावी परिप्रेक्ष्य” विषय पर आयोजित पाँच दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का सफल समापन हुआ। कार्यशाला में एमएससी गणित (एआई एवं डेटा विज्ञान) के विद्यार्थियों के साथ अन्य विज्ञान संकायों के छात्रों ने भी भाग लिया।

कार्यक्रम कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक के संरक्षण में सम्पन्न हुआ। निदेशक प्रो. आर.के. द्विवेदी एवं उपनिदेशक डॉ. अंजू दीक्षित का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। समन्वयक डॉ. प्रताप नारायण पाठक और संयोजक डॉ. संदीप कुमार पोरवाल रहे।

पाँच दिवसीय कार्यशाला के दौरान विभिन्न विषयों पर क्रमिक सत्र आयोजित हुए। प्रथम दिन कृत्रिम बुद्धिमत्ता और मशीन लर्निंग के मूल सिद्धांतों पर चर्चा की गई। दूसरे दिन स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग और अनुसंधान में एआई के अनुप्रयोगों को उदाहरण सहित समझाया गया।

तीसरे दिन प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और जनरेटिव एआई उपकरणों का प्रशिक्षण दिया गया। चौथे दिन पूर्णतः व्यावहारिक सत्रों में प्रतिभागियों ने लघु परियोजनाओं पर कार्य करते हुए समस्याओं के समाधान में एआई तकनीकों का उपयोग किया।

अंतिम दिन प्रतिभागियों ने अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए और अनुभव साझा किए। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यशाला में डॉ. धर्म राज सिंह और डॉ. अनुभव कुमार प्रसाद ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में व्याख्यान दिए। आयोजकों के अनुसार ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल और व्यावसायिक दक्षता को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप