नेपाल में अंतरराष्ट्रीय ज्ञान गौरव सम्मान से सम्मानित हुए प्रो. अजय कुमार दुबे
जौनपुर,16 जून (हि.स.) यूपी के जौनपुर के टीडी कॉलेज में शिक्षक शिक्षा विभाग के प्रोफेसर अजय कुमार दुबे को नेपाल में आयोजित अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी में शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय ज्ञान गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें अध्यापन कार्य के प्रति निष्ठा, शैक्षिक एवं प्रशासनिक दायित्वों के सफल निर्वहन तथा शिक्षा जगत में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रदान किया गया।नेपाल स्थित लुम्बिनी बौद्ध विश्वविद्यालय में 15 और 16 जून 2026 को शिक्षा, साहित्य, समाज और संस्कृति का वैश्विक विमर्श : चुनौतियां, अवसर एवं संभावनाएं विषय पर आयोजित द्विदिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठी के दौरान उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।नेवढ़िया क्षेत्र के रिकेबीपुर गांव निवासी प्रो. दुबे की शिक्षा टीडी कॉलेज जौनपुर से ही हुई है। वर्ष 1997 में एम.एड. अध्ययनरत रहते हुए उन्होंने यूजीसी द्वारा आयोजित नेट (जेआरएफ) परीक्षा उत्तीर्ण की थी। वर्ष 1998 से वह टीडी कॉलेज के शिक्षक शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। उन्होंने वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में कार्य परिषद सदस्य, शिक्षा संकाय के डीन, विद्या परिषद सदस्य, अध्ययन परिषद सदस्य, परीक्षा समिति सदस्य तथा प्रवेश समिति सदस्य सहित कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया है। वर्तमान में वह महाविद्यालय की वार्षिक पत्रिका ‘मंथन’ के मुख्य संपादक हैं।प्रो. दुबे के सैकड़ों शोध पत्र राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं। उन्होंने 12 पुस्तकों का लेखन एवं संपादन किया है तथा देश-विदेश में आयोजित शैक्षिक संगोष्ठियों में व्याख्यान दिए हैं। उनके निर्देशन में शिक्षा संकाय के 16 शोधार्थी पीएचडी की उपाधि प्राप्त कर चुके हैं।वर्तमान में वह रोवर्स-रेंजर्स के जिला कमिश्नर का दायित्व भी निभा रहे हैं। इसके अलावा वे विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षिक गतिविधियों से जुड़े हुए हैं तथा पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के जिला प्रमुख और प्रांत उपाध्यक्ष के पद पर भी कार्य कर चुके हैं। उनके इस सम्मान से जनपद के शिक्षाविदों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

