देवरिया में अस्मिता खेलो इंडिया के विजेता एवं उपविजेता टीमें पुरस्कृत
देवरिया, 24 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद देवरिशा में रविन्द्र किशोर शाही स्टेडियम देवरिया में शुक्रवार को जिला ओलम्पिक संघ देवरिया द्वारा ‘अस्मिता खेलो इंडिया’ के अंतर्गत बालिका वर्ग की वालीबाल एवं हैंडबाल लीग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में किया, जबकि हरेन्द्र जायसवाल, सुनील सिंह एवं विजय भान बरनवाल विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
अतिथियों का स्वागत क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव, महासचिव अजय जायसवाल तथा प्रशिक्षिकाओं शालिनी शर्मा और पूजा सिंह ने बैज व बुकें देकर किया।
प्रतियोगिता में वालीबाल और हैंडबाल की चार-चार टीमों ने भाग लिया। मुकाबले लीग कम नॉकआउट आधार पर खेले गए। वालीबाल के फाइनल में सीएस मेमोरियल इंटर कॉलेज बेनकुंडा की बालिका टीम ने किसान इंटर कॉलेज बदगोनिया को 15-8, 15-6 से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। वहीं हैंडबाल के फाइनल में स्टेडियम देवरिया की टीम ने उच्च प्राथमिक विद्यालय खुखंदू को 10-4, 8-4 से हराकर खिताब जीता। मुख्य अतिथि ने विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर विभिन्न खेल संघों के पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

