home page

रजिस्ट्री व्यवस्था का निजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा : आनंद मोहन गुप्ता

 | 
रजिस्ट्री व्यवस्था का निजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा : आनंद मोहन गुप्ता


मुरादाबाद, 19 जून (हि.स.)। ई- रजिस्ट्री व्यवस्था के विरोध में पांचवे दिन शुक्रवार को भी अधिवक्ता हड़ताल पर रहे। उन्होंने रामगंगा विहार स्थित कार्यालय में प्रदर्शन किया और धरने पर बैठ गए। दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के अध्यक्ष आनंद मोहन गुप्ता ने कहा कि रजिस्ट्री व्यवस्था का निजीकरण स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिवक्ता इस व्यवस्था का विरोध करते रहेंगे।

दि बार एसोसिएशन एंड लाइब्रेरी के महासचिव कपिल गुप्ता ने बताया कि शुक्रवार की सुबह अधिवक्ता, दस्तावेज लेखक, स्टांप वेंडर्स, टाइपिस्ट रामगंगा विहार स्थित रजिस्ट्री कार्यालय में इकट्ठा हो गए थे। अधिवक्ता हड़ताल पर रहे और उन्होंने न्यायिक कार्य भी नहीं किया।

बृहस्पतिवार की दोपहर एडीएम (वित्त एवं राजस्व) ममता मालवीय और एआईजी स्टांप अनिल कुमार रजिस्ट्री कार्यालय पहुंचकर अधिवक्ताओं से बात की। अधिवक्ताओं ने उन्हें मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन दिया था।

बार एसोसिएशन ऑफ टैक्स एडवोकेट्स के अध्यक्ष नरेश कुमार शर्मा, महासचिव नीरज भटनागर ने भी ई-रजिस्ट्री का विरोध करने पर अधिवक्ताओं को अपना समर्थन दिया।

धरने में आशुतोष त्यागी, संजय यादव, मनीष वार्ष्णेय, मो. इस्लाम, फैसल अनवर, आवरण अग्रवाल,अभिषेक भटनागर समेत अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल