home page

निजी स्कूलों पर मनमानी फीस वसूली का आरोप, शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन

 | 
निजी स्कूलों पर मनमानी फीस वसूली का आरोप, शिवसेना ने सौंपा ज्ञापन


जौनपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद जौनपुर में निजी स्कूलों द्वारा मनमानी फीस वसूली और महंगी पुस्तकों की अनिवार्य बिक्री को लेकर अभिभावकों की शिकायतें तेज हो गई हैं। इसी मुद्दे को लेकर बुधवार को शिवसेना के जिला प्रभारी विकास कुमार पांडेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचकर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुनील कुमार भारती को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि कई निजी शिक्षण संस्थान जिला प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। निर्धारित फीस संरचना का उल्लंघन करते हुए अभिभावकों से मनमाना शुल्क वसूल रहे हैं। इसके अलावा स्कूलों द्वारा महंगी पुस्तकों और स्टेशनरी को अनिवार्य रूप से खरीदने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही विकास शुल्क, स्मार्ट क्लास शुल्क समेत अन्य मदों के नाम पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। शिवसेना जिला प्रभारी विकास कुमार पांडेय ने कहा कि इन गतिविधियों का सबसे अधिक असर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। कई अभिभावक मजबूरी में बच्चों की पढ़ाई प्रभावित करने को विवश हो रहे हैं, जिससे शिक्षा के अधिकार पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।

उन्होंने मांग की कि जिला प्रशासन निजी स्कूलों के लिए निर्धारित फीस और पुस्तकों की कीमतों का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराए। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि जिले स्तर पर एक निगरानी समिति गठित की जाए, जो समय-समय पर स्कूलों का निरीक्षण कर मनमानी पर रोक लगाए। शिवसेना कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव