home page

रायबरेली : जिला कारागार में सजा काट रहे कैदी की हार्ट अटैक से मौत

 | 
रायबरेली : जिला कारागार में सजा काट रहे कैदी की हार्ट अटैक से मौत


रायबरेली, 05अगस्त(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के रायबरेली की जिला कारागार में निरुद्ध हत्या के मामले में सज़ायाफ़्ता कैदी की हार्ट अटैक से मौत हो गई है। बुधवार को जिला अस्पताल से जानकारी मिलने पर परिजनों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस नें शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

प्रतापगढ़ जिले के लीलापुर थाना क्षेत्र के धरौरा गांव निवासी सुग्गन हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था। मंगलवार की देर रात करीब सुग्गन की अचानक तबीयत खराब हो गई और वह अचेत होकर गिर पड़ा। जेल में मौजूद चिकित्सकों ने तत्काल प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। एंबुलेंस से इमरजेंसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

जिला अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार शुरुआती जांच में मौत का संभावित कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और जेल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि सुग्गन के खिलाफ वर्ष 2011 में रायबरेली के सलोन थाना क्षेत्र में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की सुनवाई पूरी होने के बाद न्यायालय ने 28 जनवरी 2025 को उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। इसके साथ ही अदालत ने उस पर 60 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया था, जिसके बाद से वह रायबरेली जिला कारागार में निरुद्ध था। जेल अधीक्षक प्रभात सिंह के अनुसार कैदी की हार्ट अटैक से मौत हुई है, नियमानुसार कार्यवाही की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रजनीश पांडे