कानपुर में 17 सितंबर को मोतीझील में 76 हजार दीप जलाकर प्रधानमंत्री को देंगे जन्मदिन की शुभकामनाएं : रमेश अवस्थी
कानपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर कानपुर में 76 हजार दीप जलाकर उन्हें शुभकामनाएं दी जाएंगी। इस संबंध में बुधवार काे जानकारी देते हुए सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि मोतीझील में होने वाला दीपोत्सव कार्यक्रम शहरवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान, शुभकामनाओं और आशीर्वाद का प्रतीक होगा।
सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि 17 सितंबर को मोतीझील मैदान में होने वाले आयोजन की शुरुआत दोपहर दो बजे से निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर से होगी। शिविर शाम छह बजे तक चलेगा। इसमें लोगों की स्वास्थ्य जांच के साथ चिकित्सकीय परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शाम सात बजे मैदान में 76 हजार दीप एक साथ प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। आयोजकों के अनुसार, दीपों की रोशनी से पूरा मोतीझील परिसर जगमगाएगा।
दीप प्रज्ज्वलन के बाद रात आठ बजे ड्रोन शो आयोजित किया जाएगा। ड्रोन के माध्यम से आसमान में विभिन्न आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। कार्यक्रम स्थल पर लोगों के लिए सेल्फी प्वाइंट भी बनाए जाएंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा की यात्रा पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।
सांसद रमेश अवस्थी अपने आवास पर ‘एक दीया आशीर्वाद का’ प्रज्ज्वलित करेंगे। यह दीप एक महीने तक ‘सेवा ज्योति’ के रूप में जलता रहेगा। आयोजकों के अनुसार, इसे सेवा, समर्पण और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प के प्रतीक के रूप में रखा जाएगा।
सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर आयोजित यह दीपोत्सव उनके सेवा और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को नमन करने का प्रयास है। मोतीझील में जलने वाले 76 हजार दीप कानपुरवासियों की ओर से प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और शुभकामनाएं व्यक्त करेंगे। आयोजन में स्वास्थ्य शिविर, दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और ड्रोन शो प्रमुख आकर्षण होंगे।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

