home page

सीएसजेएमयू परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ, सस्ती जेनेरिक दवाएं होंगी उपलब्ध

 | 
सीएसजेएमयू परिसर में प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ, सस्ती जेनेरिक दवाएं होंगी उपलब्ध


कानपुर, 08 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से आम लोगों को गुणवत्तापूर्ण और किफायती दवाएं उपलब्ध होंगी। यह पहल स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाने के साथ जनहितकारी योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह बातें बुधवार कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहीं।

छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के 41वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर के मुख्य द्वार के पास प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का शुभारंभ किया गया। स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज की ओर से स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, प्रति कुलपति प्रो. सुधीर कुमार अवस्थी, कुलसचिव राकेश कुमार मिश्रा, वित्त अधिकारी अशोक कुमार त्रिपाठी तथा वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ. वंदना पाठक ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, इस केंद्र का उद्देश्य आमजन को बाजार मूल्य की तुलना में कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण जेनेरिक दवाएं उपलब्ध कराना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्गीय परिवारों को सस्ती दवाओं का लाभ मिलेगा। साथ ही विद्यार्थियों को स्वास्थ्य क्षेत्र की विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी भी प्राप्त होगी।

कार्यक्रम का संचालन स्कूल ऑफ हेल्थ साइंसेज के निदेशक डॉ. मुनीश रस्तोगी और एसोसिएट डीन प्रशासन डॉ. दिग्विजय शर्मा ने किया।

डॉक्टर्स डे सप्ताह के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में चिकित्सकों के सम्मान में डॉ. संगीता शर्मा द्वारा रचित कविता का भी पाठ किया गया, जिसमें डॉक्टरों की सेवा, समर्पण और मानवता के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. धीरज कुमार, डॉ. हीना वैश्य, डॉ. वर्षा प्रसाद, डॉ. चंद्रशेखर कुमार, डॉ. आदर्श कुमार श्रीवास्तव, डॉ. उमेश कुमार मौर्य, डॉ. अल्का कटियार, विश्वदीप मिश्रा, डॉ. संतोष कुमार यादव, दयाशंकर रस्तोगी सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप