जौनपुर : 'हर घर तिरंगा' अभियान की तैयारियां तेज, चार लाख से अधिक तिरंगों की सिलाई पूरी
जौनपुर, 08 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देशन में जनपद में‘हर घर तिरंगा अभियान’ 2026-27 को सफल बनाने की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। अभियान के तहत जिले के सभी विकास खंडों में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तिरंगा झंडों की सिलाई में जुटी हैं।
इसी क्रम में उपायुक्त (स्वतः रोजगार), जिला पंचायत राज अधिकारी और जिला मिशन प्रबंधक ने विकास खंड धर्मापुर, मुफ्तीगंज और केराकत में स्वयं सहायता समूहों द्वारा संचालित तिरंगा सिलाई केंद्रों का शनिवार को निरीक्षण किया। धर्मापुर में वैष्णवी महिला स्वयं सहायता समूह दशरथपुर और उत्कर्ष महिला स्वयं सहायता समूह धर्मापुर, जबकि मुफ्तीगंज में यमुना आजीविका स्वयं सहायता समूह ग्राम पंचायत निशान तथा पयहारी बाबा महिला स्वयं सहायता समूह ग्राम पंचायत कुंडी की महिलाएं तिरंगा झंडों की सिलाई करती मिलीं।
जनपद में इस वर्ष पांच लाख तिरंगा झंडों की सिलाई का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक चार लाख से अधिक तिरंगों की सिलाई पूरी की जा चुकी है। इस कार्य में जिले के विभिन्न विकास खंडों के करीब 300 स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं जुटी हैं। तिरंगा सिलाई के कार्य से महिलाओं को रोजगार के साथ अतिरिक्त आय का अवसर भी मिल रहा है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तिरंगा झंडों की सिलाई का कार्य निर्धारित समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद के अन्य विभाग भी अपनी आवश्यकता के अनुसार आजीविका मिशन के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से तिरंगा झंडों की सिलाई करा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इससे‘हर घर तिरंगा अभियान’को गति मिलने के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे और उनकी आजीविका भी मजबूत होगी।--------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

