home page

गर्भवती विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस हिरासत में पति

 | 
गर्भवती विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला, पुलिस हिरासत में पति


कानपुर, 02 अगस्त (हि.स.)। नरवल थाना क्षेत्र के पाली खुर्द गांव में रविवार को गर्भवती विवाहिता का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की जांच के तहत पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान साधना (24) के रूप में हुई है। उसका विवाह करीब चार वर्ष पहले ओमप्रकाश से हुआ था। दंपति का एक बेटा है। रविवार शाम घर के कमरे में महिला का शव दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला, जिसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी।

घटना की जानकारी मिलते ही नरवल थाना प्रभारी अनिल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पति ओमप्रकाश से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एसीपी चकेरी आशुतोष सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही घटना के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे, जिसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप