उप्र राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय का 21वां दीक्षांत समारोह 21 जुलाई को, रम्या सिंह को मिलेगा कुलाधिपति स्वर्ण पदक
विश्वविद्यालय में 17 को प्रदान किए जाएंगे 26 स्वर्ण पदक, तीस हजार से अधिक शिक्षार्थियों को प्रदान की जाएंगी उपाधि
प्रयागराज,15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज का 21वां दीक्षांत समारोह 17 जुलाई को सुबह 10 बजे सरस्वती परिसर स्थित अटल प्रेक्षागृह में आयोजित होगा। समारोह की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल करेंगी, जबकि मुख्य अतिथि पद्मश्री मालिनी अवस्थी होंगी। उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय और राज्य मंत्री रजनी तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी। यह जानकारी बुधवार को मीडिया से वार्ता करते हुए विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो.सत्यकाम ने दी।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष विभिन्न विद्याशाखाओं के मेधावी विद्यार्थियों को 26 स्वर्ण पदक प्रदान किए जाएंगे। इनमें 20 स्वर्ण पदक छात्राओं और 6 स्वर्ण पदक छात्रों को मिलेंगे। दीक्षांत समारोह में सत्र दिसंबर-2025 एवं जून-2026 की परीक्षाओं में सफल 30,886 विद्यार्थियों को उपाधि प्रदान की जाएगी। इनमें 17,778 पुरुष और 13,098 महिला छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
कुलपति ने बताया कि अम्बेडकरनगर स्थित देव इन्द्रावती महाविद्यालय की बीएससी छात्रा रस्या सिंह को कुलाधिपति स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने स्नातक एवं स्नातकोत्तर परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है और उन्हें सर्वाधिक चार स्वर्ण पदक भी प्राप्त होंगे।
विश्वविद्यालय की ओर से विभिन्न विद्याशाखाओं के स्नातक एवं स्नातकोत्तर वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक तथा 12 प्रतिभाशाली छात्रों को दानदाता स्वर्ण पदक से भी सम्मानित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्नातक वर्ग में विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक इस बार विश्व विद्यालय के टापर्स को दिए जाएंगे। जिसमें मानविकी विद्याशाखा से स्वर्ण पदक अध्ययन केन्द्र सरदार पटेल स्मारक महाविद्यालय अम्बेडकरनगर के बीए की छात्रा सरिता वर्मा को, समाज विज्ञान विद्या शाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक अध्ययन केन्द्र डां. परशुराम दीनबंधु महाविद्यालय अम्बेडकरनगर के बीए की छात्रा आकृति पटेल को, प्रबंधन अध्ययन विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक अध्ययन केन्द्र रामलगन महाविद्यालय मऊ के बीकाम की छात्रा मरियम खानम शाहिद खान को, शिक्षा विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक शिक्षा शाख अध्ययन केन्द्र विश्ववविद्यालय मुख्य परिसर प्रयागराज के बी.एड.(विशिष्ट शिक्षा) के छात्र जितेन्द्र कुमार जायसवाल को, विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक अध्ययन केन्द्र देव इन्द्रावती महाविद्यालय अम्बेडकरनगर के बीएससी की छात्रा रम्या सिंह को, स्वस्थ्य विज्ञान विद्याशाखा से विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक अध्ययन केन्द्र डीवीएस कालेज आगरा के बीएससी के छात्र कुशाग्र सिंह को प्रदान किया जाएगा।
कुलपति प्रो. सत्यकाम ने बताया कि राज्यपाल के निर्देश पर दीक्षांत समारोह से पूर्व गोद लिए गए गांवों के विद्यालयों में खेलकूद, निबंध लेखन, भाषण, चित्रकला और कहानी-कथन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को दीक्षांत समारोह में राज्यपाल के हाथों सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा आंगनबाड़ी केंद्रों को कुलाधिपति की ओर से किट वितरित की जाएगी तथा विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम और पर्यावरण संरक्षण पर आधारित प्रस्तुति भी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से परिसर में सुरक्षा,पार्किंग और अन्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

