मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' 12 जुलाई को मनाएंगे पुनर्प्राप्त जन्मदिवस, मनोकामना पूर्ति मंदिर में करेंगे रुद्राभिषेक
प्रयागराज, 11 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं प्रयागराज शहर दक्षिणी से विधायक नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' रविवार, 12 जुलाई को अपना 'पुनर्प्राप्त जन्मदिवस' मनाएंगे। इस अवसर पर वह परिवार, समर्थकों और कार्यकर्ताओं के साथ बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामना पूर्ति मंदिर में भगवान शिव का रुद्राभिषेक करेंगे तथा श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण करेंगे। यह जानकारी शनिवार को मंत्री नंदी के मीडिया प्रभारी बाला जी केसरवानी ने दी।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम सुबह 11 बजे आयोजित होने वाले रुद्राभिषेक में प्रयागराज के अलावा गंगापार, यमुनापार, कौशांबी, प्रतापगढ़ सहित आसपास के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।
16 वर्ष पहले हुआ था जानलेवा हमला
12 जुलाई 2010 को बहादुरगंज क्षेत्र में नन्दी पर विस्फोटक से हमला हुआ था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी और एक पत्रकार की मृत्यु हो गई थी। लंबे उपचार के बाद वे स्वस्थ होकर सार्वजनिक जीवन में लौटे। उसी घटना के बाद से वह प्रत्येक वर्ष 12 जुलाई को अपना 'पुनर्प्राप्त जन्मदिवस' मनाते हैं।
मनोकामना पूर्ति मंदिर से जुड़ी है गहरी आस्था
नन्दी की बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामना पूर्ति मंदिर और भगवान शिव के प्रति विशेष आस्था रही है। उनका मानना है कि जीवन के कठिन दौर से उबरने में ईश्वर की कृपा, परिवार, समर्थकों और शुभचिंतकों के स्नेह एवं आशीर्वाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इसी श्रद्धा के भाव से वे हर वर्ष इस मंदिर में रुद्राभिषेक कर पुनर्प्राप्त जन्मदिवस मनाते हैं।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
23 अप्रैल 1974 को प्रयागराज के बहादुरगंज क्षेत्र में जन्मे नन्द गोपाल गुप्ता 'नन्दी' का जीवन संघर्षों से भरा रहा। उनके पिता सुरेश चंद्र डाक विभाग में कार्यरत थे, जबकि माता विमला देवी गृहिणी थीं। आर्थिक चुनौतियों के बीच उन्होंने विभिन्न छोटे व्यवसायों से शुरुआत की और बाद में व्यापार के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई।
राजनीतिक यात्रा
नन्दी ने वर्ष 2007 में प्रयागराज शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र से विधायक के रूप में अपनी राजनीतिक पारी शुरू की और उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री बने। वर्ष 2012 में चुनाव हारने के बाद भी उन्होंने जनसंपर्क और सामाजिक गतिविधियों को जारी रखा। वर्ष 2017 में भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर दोबारा विधायक निर्वाचित हुए और कैबिनेट मंत्री बने। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में लगातार दूसरी बार भाजपा के प्रत्याशी के रूप में जीत दर्ज कर पुनः प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री का दायित्व संभाला।
पुनर्प्राप्त जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम को लेकर समर्थकों और कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के रुद्राभिषेक और प्रसाद वितरण कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

