अन्तरजनपदीय पुलिस खेल प्रतियोगिता में बास्केटबॉल में बांदा बना विजेता
बांदा, 24 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में पुलिस लाइन में 22 मार्च 2026 से चल रही 29वीं प्रयागराज जोन, प्रयागराज की तीन दिवसीय अन्तरजनपदीय पुलिस बास्केटबॉल एवं हैंडबॉल प्रतियोगिता का समापन मंगलवार 24 मार्च को हो गया। प्रतियोगिता में प्रयागराज जोन की कुल 7 टीमों बांदा, महोबा, चित्रकूट, कौशाम्बी, फतेहपुर, प्रयागराज और प्रतापगढ़ ने प्रतिभाग किया।
तीन दिनों तक चली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने खेलभावना, अनुशासन और पूरे समर्पण के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया।
समापन समारोह में पुलिस उपमहानिरीक्षक चित्रकूटधाम परिक्षेत्र बांदा राजेश एस. तथा पुलिस अधीक्षक बांदा पलाश बंसल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता के परिणामों में पुरुष बास्केटबॉल में बांदा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया, जबकि प्रतापगढ़ उपविजेता रहा। वहीं महिला बास्केटबॉल में प्रतापगढ़ विजेता और बांदा उपविजेता रहा।
इसके अलावा पुरुष हैंडबॉल में प्रयागराज ने विजय प्राप्त की और बांदा उपविजेता रहा। वहीं महिला हैंडबॉल प्रतियोगिता में प्रतापगढ़ विजेता तथा बांदा उपविजेता बना।
समापन अवसर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक राजेश एस. ने खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में जीत-हार से अधिक महत्वपूर्ण पूरे मनोयोग, अनुशासन और खेलभावना के साथ प्रतिभाग करना होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए बधाई दी और खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर समस्त क्षेत्राधिकारीगण, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन बांदा बेलास यादव, पुलिसकर्मी, कोचिंग स्टाफ तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

