home page

उप्र बोर्ड : 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 20 जुलाई से शुरू होगी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया : भगवती सिंह

 | 
उप्र बोर्ड : 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए 20 जुलाई से शुरू होगी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र निर्धारण की प्रक्रिया : भगवती सिंह


प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) परीक्षा वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और नकलविहीन बनाने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्र निर्धारण की ऑनलाइन प्रक्रिया 20 जुलाई से शुरू की जाएगी। यह जानकारी गुरुवार को (यूपी बोर्ड) के सचिव भगवती सिंह ने दिया।

उन्होंने बताया कि सभी चरण निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे करते हुए 18 सितंबर 2026 को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत सभी प्रधानाचार्यों को 20 जुलाई तक अपने विद्यालय में उपलब्ध कमरों, फर्नीचर, बिजली, पेयजल, शौचालय, सीसीटीवी कैमरों तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का विवरण परिषद की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करना होगा। इसके बाद जिलाधिकारी द्वारा गठित तहसील स्तरीय समिति 3 अगस्त तक विद्यालयों का भौतिक सत्यापन करेगी।

उन्होंने बताया कि सत्यापन रिपोर्ट 10 अगस्त तक जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) के माध्यम से ऑनलाइन अपलोड की जाएगी। इसके आधार पर 17 अगस्त को परीक्षा केंद्रों की पहली सूची जारी होगी, जिसमें छात्र आवंटन का विवरण भी शामिल रहेगा। साथ ही जिन विद्यालयों की मान्यता समाप्त हो चुकी है या जिन्हें परीक्षा केंद्र बनने से प्रतिबंधित किया गया है, उनकी सूची भी अलग से प्रकाशित की जाएगी।

भगवती सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्र निर्धारण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराने की सुविधा भी दी गई है। पहली सूची जारी होने के बाद छात्र, अभिभावक, विद्यालय या प्रबंधक 22 अगस्त तक अपनी आपत्तियां ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इनका निस्तारण कर 7 सितंबर को संशोधित सूची जारी की जाएगी।

उन्होंने बताया कि यदि संशोधित सूची के बाद भी किसी विद्यालय को परीक्षा केंद्र की दूरी, क्षमता से अधिक छात्र आवंटन अथवा अन्य कोई समस्या प्रतीत होती है तो 14 सितंबर तक पुनः ऑनलाइन आपत्ति दर्ज कराई जा सकेगी। सभी शिकायतों के निस्तारण के बाद 18 सितंबर 2026 को परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।

बोर्ड सचिव भगवती सिंह ने सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों एवं जिला प्रशासन को निर्धारित समय-सारणी का कड़ाई से पालन करने के निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाएं पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई जाएंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल