home page

यूपी बोर्ड की कार्यशाला में प्रतिभागियों ने तैयार की अध्यायवार रूपरेखा : रक्षा श्रीवास्तव

 | 
यूपी बोर्ड की कार्यशाला में प्रतिभागियों ने तैयार की अध्यायवार रूपरेखा : रक्षा श्रीवास्तव


प्रयागराज,10 जुलाई (हि.स.)। पांच दिवसीय यह कार्यशाला राज्य की नई पाठ्यचर्या को अधिक प्रभावी, समावेशी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। यह बातें शुक्रवार को समापन के मौके पर परिषद की उप सचिव रक्षा श्रीवास्तव ने कहीं।

माध्यमिक शिक्षा परिषद उत्तर प्रदेश द्वारा राज्य पाठ्यचर्या रूपरेखा के विकास के उद्देश्य से आयोजित पांच दिवसीय कार्यशाला का शुक्रवार को सफलतापूर्वक समापन हुआ। कार्यशाला का आयोजन 6 जुलाई से किया गया था।

कार्यशाला का संचालन परिषद के सचिव भगवती सिंह, अपर सचिव (प्रशासन) सत्येंद्र कुमार सिंह तथा अपर सचिव (पाठ्य पुस्तक) स्कन्द शुक्ल के मार्गदर्शन एवं निर्देशन में किया गया।

समापन दिवस पर सभी विषय समूहों ने एनसीएफएसई के अनुरूप अपने-अपने अध्यायों से संबंधित रूपरेखा तैयार की। इस रूपरेखा में अध्यायवार पाठ्यवस्तु को चिन्हित एवं व्यवस्थित किया गया, जिससे आगामी चरणों में प्रतिभागी समूह उत्तर प्रदेश के विशेष संदर्भों को ध्यान में रखते हुए अध्यायों का पुनर्लेखन करेंगे।

कार्यशाला के समापन अवसर पर परिषद की उप सचिव रक्षा श्रीवास्तव ने सभी प्रतिभागियों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके योगदान की प्रशंसा की और सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल