यूपी बोर्ड 2027 परीक्षा की तैयारियां तेज, आवेदन केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू
प्रयागराज, 13 जुलाई (हि.स.)। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। परिषद ने व्यक्तिगत और पत्राचार परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों के पंजीकरण एवं अग्रसारण के लिए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह जानकारी सोमवार को अपर सचिव प्रशासन सतेन्द्र कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार परिषद ने सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसके तहत राजकीय विद्यालयों को केंद्र व्यवस्थापन केंद्र के रूप में निर्धारित किया गया है, जहां से परीक्षार्थियों के आवेदन पत्रों की प्रक्रिया को सुचारु रूप से पूरा कराया जाएगा।
माध्यमिक शिक्षा परिषद ने बताया कि आवेदन प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षकों को तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे व्यक्तिगत एवं पत्राचार परीक्षार्थियों को आवेदन से जुड़ी सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी।
परिषद की ओर से सभी संबंधित अधिकारियों, विद्यालयों और परीक्षा केंद्रों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि आगामी बोर्ड परीक्षाओं की तैयारियां बेहतर ढंग से पूरी की जा सकें।
वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं को सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। व्यक्तिगत और पत्राचार परीक्षार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी स्तरों पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

