home page

पीडीए की बड़ी कार्रवाई, 53 बीघे में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त

 | 
पीडीए की बड़ी कार्रवाई, 53 बीघे में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त


पीडीए की बड़ी कार्रवाई, 53 बीघे में अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त


प्रयागराज, 07 जुलाई (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अवैध कब्जों और अनधिकृत निर्माण के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए जोन-2 क्षेत्र में करीब 53 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। पीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना स्वीकृति विकसित की जा रही कॉलोनियों और अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

जोनल अधिकारी सूरज कुमार पटेल के नेतृत्व में चली कार्रवाई के दौरान असरसेनकला, रावतपुर और शाहऊर्फ पीपलगांव क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग को हटाया गया।

पीडीए की कार्रवाई में अनुज सिंह पुत्र देवेन्द्र नाथ सिंह, शिवांश श्रीवास्तव और रूपेश द्विवेदी द्वारा आराजी संख्या 313/1, 313/2 व 313/3 असरावेकला में लगभग 20 बीघा में की गई अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त की गई। इसी प्रकार मधुकर मिश्रा द्वारा आराजी संख्या 313/4 व 313/5 में लगभग 8 बीघा की अवैध प्लॉटिंग हटाई गई।

रावतपुर क्षेत्र में अनुज सिंह द्वारा आराजी संख्या 467 व 470 में लगभग 7 बीघा तथा भानु पाल, मनोज पाल और विजय पाल द्वारा आराजी संख्या 358, 359, 427, 428, 429 व 466 कछेला गौसपुर में लगभग 4 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को भी ध्वस्त किया गया।

इसके अलावा शाहऊर्फ पीपलगांव में अनुज सिंह पुत्र देवेन्द्र नाथ सिंह, मोहम्मद शाकिब, मोहम्मद जलील, मोहम्मद शाहबुद्दीन और अहमद हुसैन द्वारा लगभग 2 बीघा तथा सुहैल सैय्यद, मोहम्मद मुस्लिम, फारुख मुल्ला, मकबूल अहमद, अनस, बदरूद्दीन अहमद, लल्लू उर्फ रामसेवक, मैसर्स इंफिनिटी प्राइवेट लिमिटेड और रूपेश द्विवेदी द्वारा आराजी संख्या 1407, 1425, 1428 व 1408 में लगभग 12 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग पर बुलडोजर चलाया गया।

पीडीए ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के अनुरूप प्रदेश में सुनियोजित शहरी विकास सुनिश्चित करने और भू-माफियाओं व अवैध कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। प्राधिकरण ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी पीडीए से स्वीकृति अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या आर्थिक परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस कार्रवाई में जोनल अधिकारी के साथ अवर अभियंता विनोद कुमार गुप्ता, पीडीए प्रवर्तन टीम तथा एयरपोर्ट थाना पुलिस की टीम मौजूद रही। पीडीए ने दोहराया कि शहर के नियोजित और सुव्यवस्थित विकास में बाधा बनने वाले अवैध निर्माण और प्लॉटिंग के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल