home page

प्रयागराज मंडल ने जून में रचा नया रिकॉर्ड, 258.38 करोड़ रुपये की वाणिज्यिक आय अर्जित

 | 
प्रयागराज मंडल ने जून में रचा नया रिकॉर्ड, 258.38 करोड़ रुपये की वाणिज्यिक आय अर्जित


प्रयागराज, 02 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज ने जून 2026 में वाणिज्यिक आय के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए 258.38 करोड़ रुपये की आय अर्जित की है। यह निर्धारित लक्ष्य से 6.94 प्रतिशत अधिक तथा पिछले वर्ष जून की तुलना में 16.78 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। मंडल की इस उपलब्धि को प्रभावी राजस्व प्रबंधन, यात्री सुविधाओं में सुधार और सघन टिकट जांच अभियान का परिणाम माना जा रहा है।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हरिमोहन के निर्देशन में प्रयागराज मंडल द्वारा यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ राजस्व बढ़ाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं। यात्रियों को बेहतर खानपान, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ टिकट रहित एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाने के लिए स्टेशनों और ट्रेनों में नियमित सघन टिकट जांच भी की जा रही है।

रेलवे के अनुसार जून 2026 में मंडल ने 258.38 करोड़ रुपये की वाणिज्यिक आय अर्जित की, जबकि जून 2025 में यह आय 221.26 करोड़ रुपये थी। इस प्रकार एक वर्ष में आय में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। साथ ही 241.61 करोड़ रुपये के निर्धारित लक्ष्य को भी मंडल ने सफलतापूर्वक पार कर लिया।

जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने गुरुवार को बताया कि यह उपलब्धि प्रभावी राजस्व प्रबंधन, माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि, सुदृढ़ टिकट जांच व्यवस्था, गैर-किराया आय के नए स्रोत विकसित करने तथा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए किए गए निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज मंडल आगे भी यात्री सुविधाओं के उन्नयन, आधुनिक वाणिज्यिक प्रबंधन और राजस्व संवर्धन की दिशा में इसी प्रकार प्रभावी कार्य करता रहेगा, जिससे यात्रियों को उत्कृष्ट सेवाएं मिलने के साथ भारतीय रेल की आय में भी लगातार वृद्धि सुनिश्चित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल