प्रयागराज मंडल ने जून 2026 में रचा नया कीर्तिमान, 258.38 करोड़ रुपये की रिकॉर्ड वाणिज्यिक आय अर्जित
माल ढुलाई, कैटरिंग, पार्किंग और विविध आय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के साथ राजस्व वृद्धि का सिलसिला जारी: अमित सिंह
प्रयागराज, 07 जुलाई (हि.स.)। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल ने जून 2026 में वाणिज्यिक आय के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। मंडल ने जून माह में कुल 258.38 करोड़ रुपये की वाणिज्यिक आय अर्जित की, जो जून 2025 की 221.26 करोड़ रुपये की आय की तुलना में 16.78 प्रतिशत अधिक है। यह उपलब्धि निर्धारित लक्ष्य 241.61 करोड़ रुपये से 6.94 प्रतिशत अधिक रही। यह सफलता यात्रियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने, प्रभावी राजस्व प्रबंधन, माल ढुलाई में वृद्धि तथा गैर-किराया आय के स्रोतों के विस्तार का परिणाम मानी जा रही है।
मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) हरिमोहन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (फ्रेट) अतुल यादव के निर्देशन में प्रयागराज मंडल लगातार यात्रियों को सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न वाणिज्यिक एवं जनहितकारी अभियान संचालित कर रहा है। यात्रियों को बेहतर भोजन, शुद्ध पेयजल और स्वच्छ शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही टिकट रहित और अनियमित यात्रा पर प्रभावी नियंत्रण के लिए स्टेशनों एवं ट्रेनों में नियमित और सघन टिकट जांच अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
माल ढुलाई के क्षेत्र में प्रयागराज मंडल ने जून 2026 में 81.09 करोड़ रुपये की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष की तुलना में 32.48 प्रतिशत अधिक है। यह आय निर्धारित लक्ष्य से भी 4.96 प्रतिशत अधिक रही। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि प्रभावी फ्रेट लोडिंग और बिजनेस डेवलपमेंट की योजनाओं का प्रतिफल है।
गैर-किराया आय (नॉन-फेयर रेवेन्यू) के क्षेत्र में भी मंडल ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। जून माह में विविध आय 5.34 करोड़ रुपये रही, जो पिछले वर्ष की तुलना में 60.36 प्रतिशत अधिक है। यह अब तक की सर्वाधिक मासिक विविध आय भी है।
कैटरिंग सेवाओं से मंडल को 3.25 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 77.13 प्रतिशत अधिक तथा निर्धारित लक्ष्य से 36.75 प्रतिशत ज्यादा रही। यह भी प्रयागराज मंडल की अब तक की सबसे अधिक मासिक कैटरिंग आय दर्ज की गई।
पार्किंग अनुबंधों से 44 लाख रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 66.26 प्रतिशत अधिक तथा लक्ष्य से 23.24 प्रतिशत अधिक रही। वहीं कमर्शियल पब्लिसिटी से 80 लाख रुपये की आय प्राप्त हुई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 43.68 प्रतिशत अधिक रही, हालांकि यह निर्धारित लक्ष्य से कुछ कम रही।
जनसंपर्क अधिकारी अमित सिंह ने मंगलवार काे बताया कि प्रयागराज मंडल की यह उपलब्धि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने, प्रभावी टिकट जांच व्यवस्था, माल ढुलाई में निरंतर वृद्धि, गैर-किराया आय के नए स्रोत विकसित करने तथा राजस्व प्रबंधन की सुदृढ़ रणनीति का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मंडल भविष्य में भी यात्री सुविधाओं के उन्नयन, व्यापारिक अवसरों के विस्तार और राजस्व वृद्धि के लिए इसी प्रकार निरंतर प्रयास करता रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

