home page

हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचाना करें सुनिश्चित : बेबी रानी मौर्य

 | 
हर पात्र लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी ढंग से पहुंचाना करें सुनिश्चित : बेबी रानी मौर्य


प्रयागराज, 13 जुलाई (हि.स.)। महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचाया जाए। यह बातें सोमवार को प्रयागराज में समीक्षा बैठक के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार की महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहीं।

उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।

सर्किट हाउस, प्रयागराज में आयोजित प्रयागराज मंडल के जिला कार्यक्रम अधिकारियों एवं जिला प्रोबेशन अधिकारियों की विभागीय समीक्षा बैठक में मंत्री बेबी रानी मौर्य ने विभागीय योजनाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान मंत्री ने महिला कल्याण एवं बाल विकास विभाग की अब तक की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों के नियमित प्रशिक्षण पर बल देते हुए कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों को अनौपचारिक शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार और श्रेष्ठ आचरण भी प्रदान किए जाएं।

बैठक से पूर्व संभव अभियान के अंतर्गत जन-जागरूकता के उद्देश्य से आयोजित पोषण रैली को मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में लगभग 300 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर प्रदेश में लागू नई पुष्टाहार रेसिपी के तहत दो गर्भवती महिलाओं, दो धात्री महिलाओं तथा छह माह से छह वर्ष तक के चार बच्चों को मंत्री ने अपने हाथों से नवीन पुष्टाहार के पैकेट वितरित किए। मंत्री के हाथों से पुष्टाहार प्राप्त कर लाभार्थियों ने प्रसन्नता और संतोष व्यक्त किया।

मंत्री ने आंगनवाड़ी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, बाल संरक्षण तथा महिला कल्याण योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों से कहा कि योजनाओं के संचालन में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।

बैठक में महिला कल्याण विभाग के उपनिदेशक, प्रयागराज मंडल के सभी जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी तथा जनपद प्रयागराज के सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल