जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा : गणेश केसरवानी
प्रयागराज, 22 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी ताकत उसका बूथ स्तर का संगठन है। उक्त बातें बुधवार को कोरांव विधानसभा क्षेत्र से आयोजित बूथ सम्मेलन को संबोधित करते हुए महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं। उन्होंने कोरांव विधानसभा के सभी 421 बूथों को और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि जब बूथ मजबूत होगा, तभी संगठन मजबूत होगा और मजबूत संगठन ही राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई गति देगा।
कोरांव विधानसभा-265 के अंतर्गत देवकली सरस्वती गेस्ट हाउस, मिश्रपुर में भारतीय जनता पार्टी की ओर से बूथ अध्यक्ष सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में कोरांव विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों से आए बूथ अध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता महापौर गणेश केसरवानी ने संगठन की मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का मंत्र दिया।
महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि भाजपा का संगठन उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसकी वास्तविक मजबूती बूथ स्तर से सुनिश्चित होती है। उन्होंने कहा कि कोरांव विधानसभा में 421 बूथ हैं और प्रत्येक बूथ अध्यक्ष संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है। ऐसे में प्रत्येक बूथ को सक्रिय, सशक्त और प्रभावी बनाना सभी कार्यकर्ताओं की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पार्टी द्वारा बूथ स्तर पर लगातार संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनके माध्यम से कार्यकर्ताओं को आम जनता से जुड़ने तथा केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाने का अवसर मिलता है। उन्होंने बूथ अध्यक्षों से प्रत्येक परिवार और प्रत्येक मतदाता से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा संगठन को और अधिक मजबूत करने का आह्वान किया।
महापौर ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय सक्रिय रहने वाला कार्यकर्ता नहीं, बल्कि वर्षभर समाज और राष्ट्र की सेवा में जुटा रहने वाला कर्मयोगी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते हुए लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम में विधायक राजमणि कोल, पूर्व जिलाध्यक्ष शिवदत्त पटेल, कार्यक्रम संयोजक अनिल मिश्रा, जिला उपाध्यक्ष पुष्पराज सिंह पटेल, संतरा देवी निषाद, राजेश्वरी तिवारी, जिला मंत्री प्रेम कली पाल, मंडल अध्यक्ष रामराज सिंह पटेल, करुणेंद्र श्रीवास्तव, हरिकृष्ण द्विवेदी, सूर्य प्रताप, राजेश द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में बूथ अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर संगठन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा पार्टी की विचारधारा एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

