प्रयागराज की पहचान राष्ट्रभक्ति, सांस्कृतिक विरासत और प्रेरणा स्थलों से होगी और सशक्त : गणेश केसरवानी
प्रेरणा स्थल आने वाली पीढ़ियों को महान विभूतियों के आदर्शों से प्रेरित करेगा, शहर के सौंदर्यीकरण और विरासत संरक्षण का अभियान निरंतर जारी रहेगा
प्रयागराज, 07 जुलाई (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध प्रयागराज की पहचान केवल धार्मिक और सांस्कृतिक नगरी के रूप में ही नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक चेतना और प्रेरणा की धरती के रूप में भी निरंतर सशक्त हो रही है। यह बातें मंगलवार को तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं के अनावरण के सफल आयोजन के बाद महापौर गणेश केसरवानी ने कहीं।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के सौंदर्यीकरण, विरासत संरक्षण और जनसुविधाओं के विकास के साथ-साथ ऐसे प्रेरणा स्थलों का निर्माण कर रहा है, जिससे नई पीढ़ी देश के महान व्यक्तित्वों के आदर्शों से प्रेरणा ले सके। महापौर गणेश केसरवानी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के करकमलों से प्रखर राष्ट्रवादी डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, भारत रत्न अटल बिहारी बाजपेयी तथा विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल की प्रतिमाओं का अनावरण प्रयागराज के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि यह प्रेरणा स्थल राष्ट्रसेवा, सुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति समर्पित महान विभूतियों की स्मृतियों को सदैव जीवंत रखेगा तथा समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करेगा। उन्होंने व्यापारियों, पार्षदों और नागरिकों द्वारा मिले सम्मान के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर निगम प्रयागराज को स्वच्छ, सुंदर, विकसित और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रेरणा स्थल आने वाले वर्षों में शहर का प्रमुख आकर्षण बनने के साथ युवाओं के लिए राष्ट्रसेवा और सामाजिक दायित्वों की प्रेरणा का केंद्र भी बनेगा।
यमुना बैंक रोड स्थित काली घाट पर विकसित प्रेरणा स्थल के भव्य लोकार्पण और तीन महान विभूतियों की प्रतिमाओं के अनावरण के सफल आयोजन के बाद महापौर गणेश केसरवानी का व्यापारियों एवं पार्षदों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।
इस अवसर पर व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर निगम द्वारा विकसित प्रेरणा स्थल केवल प्रतिमाओं का परिसर नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाली विभूतियों के विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने कहा कि ऐसे स्थलों के निर्माण से शहर की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और वैचारिक विरासत को नई पहचान मिल रही है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने लोकार्पण समारोह की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे ऐतिहासिक और गरिमामय आयोजन बताया। उन्होंने नगर निगम के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए कहा कि भविष्य में भी शहर के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों में इसी प्रकार की प्रतिबद्धता देखने को मिलेगी।
इस अवसर पर पार्षद आशीष द्विवेदी, हीरालाल भोला तिवारी, आकाश सोनकर, नीरज टंडन, रितेश मिश्रा, रविशंकर द्विवेदी सहित अन्य पार्षद, व्यापारी प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने महापौर गणेश केसरवानी को शुभकामनाएं देते हुए प्रयागराज के समग्र विकास और सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त बनाने के उनके प्रयासों की सराहना की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

