ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ आगे बढ़ें युवा : आनंदीबेन पटेल
सीखने की जिज्ञासा और रचनात्मक सोच ही सफलता की पहचान: नंदी
प्रयागराज, 16 जुलाई (हि.स.)। शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रक्रिया है। उक्त बातें गुरुवार को प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, नैनी के नवम दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहीं।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान और प्रतिभा का उपयोग समाजहित एवं राष्ट्र निर्माण में करें तथा नवाचार और अनुसंधान के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें। उन्होंने विद्यार्थियों को ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ते हुए परिवार, समाज, प्रदेश और राष्ट्र का गौरव बढ़ाने का संदेश दिया।
उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, नैनी के नवम दीक्षांत समारोह में गुरुवार को मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और नैतिक मूल्यों के साथ राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' भी मौजूद रहे।
मंत्री नन्दी बोले— सीखने की जिज्ञासा और रचनात्मक सोच ही सफलता की पहचानऔद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने अपने संबोधन में कहा कि प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय ने ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और मानवीय मूल्यों के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा प्रयागराज सहित पूरे उत्तर प्रदेश के शैक्षणिक परिदृश्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है। उन्होंने कहा, आज का दिन केवल डिग्री प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की नई यात्रा का शुभारंभ है। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का फल आज आपको मिला है। वर्तमान समय में केवल डिग्री पर्याप्त नहीं है, बल्कि निरंतर सीखने की जिज्ञासा, रचनात्मक सोच, सरल व्यवहार और समाज के प्रति संवेदनशीलता ही युवाओं को दूसरों से अलग पहचान दिलाती है।
प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भैया) विश्वविद्यालय, नैनी में आयोजित नवम दीक्षांत समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके साथ उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' भी उपस्थित रहे। दोनों लखनऊ से वंदे भारत एक्सप्रेस के माध्यम से प्रयागराज पहुंचे।
दीक्षांत समारोह में राज्यपाल ने विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदक प्रदान कर सम्मानित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

