मंत्री नन्दी ने पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव पर भगवान शिव को किया नमन
51 डमरूओं का हुआ नाद, प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों लोग हुए शामिल
प्रयागराज, 12 जुलाई (हि.स.)। वर्ष 2010 में आरडीएक्स से हुए जानलेवा हमले में मौत को मात देकर नया जीवन प्राप्त करने वाले उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी ने रविवार को अपना 16वां पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव मनाया। मंत्री नन्दी ने बहादुरगंज स्थित प्राचीन मनोकामनापूर्ति शिव मंदिर में प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी एवं परिवार के सदस्यों, कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के साथ भगवान भोलेनाथ का रुद्राभिषेक पूजन कर कृतज्ञता जताई। लोक कल्याण की भी कामना की। पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने भी नतमस्तक होकर मंत्री नन्दी के पुनर्जीवन के लिए कृतज्ञता अर्पित की।
इस दौरान आयोजित भंडारे में बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। उद्यमियों, व्यापारियों एवं विशिष्ट अतिथियों ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित की। मंत्री नन्दी का पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव प्रयागराज के साथ प्रदेश भर में व्यापारियों ने मनाया। इस दिवस को साहस दिवस का नाम दिया। जगह जगह शिव मंदिरों में पूजन के साथ भंडारे का भी आयोजन हुआ। आसपास के जनपदों के साथ ही प्रदेश के अन्य जनपदों व विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचें।
सोलह वर्ष पूर्व यानी 12 जुलाई 2010 का दिन था। वर्तमान में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी पर शहर के बहादुरगंज में रिमोट कंट्रोल आरडीएक्स बम से हमला हुआ था। जिसमें एक सुरक्षा कर्मी और एक पत्रकार को मौत हो गई थी। वहीं मंत्री नन्दी बम ब्लास्ट में गंभीर रूप से जख्मी हुए थे। हजारों समर्थकों और चाहने वालों के स्नेह और आशीर्वाद के बल पर लगातार चार महीने इलाज के बाद वे स्वस्थ हुए थे। तब से लेकर अब तक प्रत्येक वर्ष मंत्री नन्दी 12 जुलाई को अपना 'पुनर्प्राप्त जन्मदिवस' मनाते हैं।
180 बटुकों ने किया मंत्रोच्चारण
मंत्री नन्दी के पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव समारोह में रुद्राभिषेक पूजन में श्री दुर्गा देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मंझनपुर कौशांबी के 180 बटुक भी सम्मिलित हुए। जिन्होंने स्वस्तिवाचन के साथ ही मंत्रोच्चारण किया। मंत्री नन्दी पूजन के लिए बहादुरगंज स्थित अपने आवास से मंदिर के लिए सर पर कलश रखकर निकले। इस दौरान बटुक विद्यार्थी मंत्रोच्चारण करते रहे।
प्रयागराज की पूर्व महापौर अभिलाषा गुप्ता नन्दी ने बटुकों का अभिनंदन करते हुए उनका आशीर्वाद लिया।
30 नवजात बच्चियों को वितरित किए बेबी किट
कैबिनेट मंत्री नन्द गोपाल गुप्ता नन्दी के पुनर्प्राप्त जन्मोत्सव के अवसर पर स्वरूपरानी मेडिकल कॉलेज में जन्मी 30 नवजात बेटियों को बेबी किट वितरित किया गया। वहीं उनकी माताओं को नन्दी प्रोडक्ट के सामान दिए गए। इस अवसर पर 30 से अधिक नवजात बेटियों एवं उनके परिवारों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. नीलम सिंह (एस आईसी, (एसआरएन हॉस्पिटल), स्मिता अग्रवाल, गौरव वीरेंद्र अग्रवाल, डॉ. घुलाम (एसआरएन), डॉ. टंडन, अवंतिका टंडन (जिला महिला व्यापार मंडल) तथा पल्लवी अरोड़ा मौजूद रहीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

