home page

पर्यावरण से ही जीवन का अस्तित्व, हर कार्यकर्ता पौधा लगाए और उसकी देखभाल भी करे : संजय गुप्ता

 | 
पर्यावरण से ही जीवन का अस्तित्व, हर कार्यकर्ता पौधा लगाए और उसकी देखभाल भी करे : संजय गुप्ता


प्रयागराज, 10 जुलाई (हि.स.)। स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण ही जीवन का आधार है। यह बातें शुक्रवार को 12 जुलाई को 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए भाजपा प्रयागराज महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहीं।

उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से 12 जुलाई को 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल का भी संकल्प लेने का आह्वान किया। पर्यावरण संरक्षण के लिए 12 जुलाई को आयोजित होने वाले 'एक पेड़ माँ के नाम' महाअभियान के तहत भाजपा प्रयागराज महानगर सभी 15 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर वृहद वृक्षारोपण अभियान चलाएगी। अभियान की तैयारियों को लेकर महानगर अध्यक्ष संजय गुप्ता ने मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की।

सिविल लाइंस स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान महानगर अध्यक्ष ने मंडल अध्यक्षों को विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधे वितरित किए। साथ ही स्थानीय स्तर पर भी अधिक से अधिक पौधों की व्यवस्था कर बूथ स्तर तक अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए।

संजय गुप्ता ने कहा कि पर्यावरण से ही जीवन का अस्तित्व संभव है। यदि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ वातावरण देना है तो व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण करना होगा।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी भी सभी को निभानी होगी।

उन्होंने बताया कि प्रदेशव्यापी अभियान के तहत 12 जुलाई को 35 करोड़ से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसमें प्रयागराज महानगर के सभी 15 मंडलों के प्रत्येक बूथ पर कार्यकर्ता सक्रिय भागीदारी करेंगे।

इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष आनंद सोनकर, प्रमोद मोदी, कुंज बिहारी मिश्रा, महामंत्री डॉ. शैलेश पांडेय, रमेश पासी, जिला मंत्री विजय श्रीवास्तव, अजय सिंह, दीप द्विवेदी, पवन श्रीवास्तव, विवेक मिश्रा, निर्दोष सिंह 'गोलू', गया प्रसाद, मंजेश श्रीवास्तव, मनोज गुप्ता सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल