प्रतिमा खंडित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए: डॉ. लाल बहादुर
जौनपुर ,06 मार्च (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में भारत रत्न डॉ.भीम राव अंबेडकर की प्रतिमा पर कालिख पोतने का मामला सामने आया है। घटना के विरोध में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष संग्राम भारती के नेतृत्व में धरना प्रदर्शन किया और ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। इस मौके पर वरिष्ठ बसपा नेता डॉ. लाल बहादुर सिद्धार्थ ने कहा कि प्रतिमा को खंडित करने और इस घृणित कार्य को अंजाम देने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने तत्काल नई प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
डॉ. सिद्धार्थ ने दूषित मानसिकता वाले लोगों को तुरंत गिरफ्तार कर कड़ी सजा देने की बात कही। उन्होंने अंबेडकर तिराहा पर एक पुलिस चौकी के निर्माण की भी मांग की। जब तक चौकी नहीं बनती, तब तक 24 घंटे पुलिस बल तैनात करने की बात कही गई है। तकनीकी और संरचनात्मक सुधारों पर भी जोर दिया गया। खराब सीसीटीवी कैमरे को तत्काल बदलकर नया कैमरा लगाने और प्रतिमा के चारों ओर की बाउंड्रीवॉल को ऊंचा करने की मांग की गई, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।एक अन्य महत्वपूर्ण मांग में प्रतिमा की बाउंड्री के बगल में होने वाले होलिका दहन को पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने की बात कही गई, जिससे प्रतिमा की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

