home page

प्रतापगढ़ : बारिश में गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर डेढ़ वर्ष के मासूम की मौत

 | 
प्रतापगढ़ : बारिश में गिरा कच्चा मकान, मलबे में दबकर डेढ़ वर्ष के मासूम की मौत


प्रतापगढ़, 02 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में लगातार हो रही जोरदार बारिश अब लोगों के लिए आफत बनती जा रही है। नवाबगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में बुधवार सुबह बारिश के चलते एक कच्चा मकान अचानक ढह गया। हादसे में मलबे के नीचे दबकर डेढ़ साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई।

छोटी कोथरिया गांव निवासी चंद्रप्रकाश यादव का कच्चा घर लगातार हो रही बारिश के कारण कमजोर हो गया था। बुधवार सुबह अचानक मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के दौरान डेढ़ वर्षीय प्रियांश मलबे की चपेट में आ गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और आसपास के लोगों ने मलबे से मासूम को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थी। मृतक प्रियांश दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। मासूम की असमय मौत के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही कडरौ ग्राम प्रधान रामप्यारे और प्रधान प्रतिनिधि प्रभाकर पटेल मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया। सूचना पर स्थानीय पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

--------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपेन्द्र तिवारी