फर्रुखाबाद में 1359.50 क्विंटल आलू बीज आवंटित, ऑनलाइन पोर्टल से होगी बुकिंग
फर्रुखाबाद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जनपद में आलू उत्पादक किसानों को अब ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आलू बीज मिलेगा। वर्ष 2026 में किसानों की मांग के मद्देनजर जिले को विभिन्न प्रजातियों का कुल 1359.50 क्विंटल आलू बीज आवंटित किया गया है। बीज की बुकिंग प्रजातिवार ऑनलाइन करानी होगी।
आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि आवंटित बीज में कुफरी बहार, कुफरी चिप्सोना-01, कुफरी चिप्सोना-03, कुफरी सूर्या, कुफरी ख्याति, कुफरी मोहन और कुफरी फ्राइसोना सहित कई प्रजातियां शामिल हैं। बीज की दरें प्रजाति और श्रेणी के अनुसार निर्धारित की गई हैं।
पंजीकरण के लिए ये दस्तावेज जरूरी
किसानों को बीज की दरों की जानकारी लेने और बुकिंग के लिए विभागीय पोर्टल https://potato.uphorticulture.in/ पर पंजीकरण कराना होगा। इसके लिए मोबाइल नंबर, आधार कार्ड, बैंक पासबुक की छायाप्रति, किसान की फोटो और भूमि संबंधी अभिलेख (खसरा-खतौनी) आवश्यक होंगे।
किसान ऑनलाइन बुकिंग में सहायता के लिए विकास भवन, फतेहगढ़ स्थित आलू एवं शाकभाजी विकास अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर 57 में संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा उद्यान निरीक्षक पुष्पेन्द्र यादव (मोबाइल नंबर 8318370646) और सहायक उद्यान निरीक्षक अभिषेक कुमार (मोबाइल नंबर 9026189437) से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
विभाग ने किसानों से निर्धारित पोर्टल के माध्यम से ही बीज की बुकिंग कराने और विभागीय दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर

