गरीब बेटी के विवाह को आगे आए सपा नेता अजीत यादव,उपहार का सामान लेकर पहुंचे घर
फर्रुखाबाद, 28 जून (हि.स.)। नर सेवा को नारायण सेवा मानकर गरीब, शोषित, वंचित और बेसहारा लोगों की मदद के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) फर्रुखाबाद के जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव आए हैं। उन्होंने रविवार को विधानसभा भोजपुर कमालगंज के ग्राम उगरापुर निवासी कैंसर पीड़ित अरविंद राजपूत की बेटी की आने वाली बारात के खर्चे और उसकी विदाई के लिए उसके घर पहुंचे।
बता दें कि कमालगंज के ग्राम उगरापुर निवासी अरविंद कैंसर पीड़ित है। आज 28 जून को उनकी बेटी की बारात आनी है। पिता का 2 बार कैंसर का ऑपरेशन हो चुका है और मां पहले ही दुनियां से विदा ले चुकी हैं। पिता के इलाज में जमीन पहले ही बिक चुकी है। परिवार में किसी कमाऊ सदस्य के ना होने से घर में आर्थिक संकट की वजह से बेटी की शादी की व्यवस्था में बाधा उत्पन्न हो रही थी।
समाजवादी पार्टी प्रवक्ता एवं सचिव राधेश्याम सविता ने बताया कि उक्त मामले की जानकारी टीम अजीत यादव को हुई। टीम ने सपा जिला उपाध्यक्ष को इस बात की जानकारी दी, तो तुरन्त जरूरतमंद परिवार से संपर्क किया गया और उन्हें आश्वस्त किया गया कि आप लोग चिंता मत करो, हम बिटिया के भाई हैं और पूरी शादी धूमधाम से होगी। फिर क्या था अजीत यादव, जिला महासचिव इलियास मंसूरी के साथ पार्टी पदाधिकारी लोडर में दहेज का पूरा सामान भरकर पहुंच गए। यह देखकर बिटिया एवं उनके पिता की आँखें भर आईं और उन्होंने भावुक होकर कहा कि अब कोई परवाह नहीं है। दहेज का पूरा सामान मिल चुका है और बिटिया बिना चिंता के अब ससुराल जाएगी।
इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि हर पीड़ित, दुःखी और जरूरतमंद हमारे परिवार का हिस्सा है। ईश्वर की कृपा और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष का आशीर्वाद हमें गरीबों की सेवा के लिए ऊर्जा देता रहता है।
जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा कि बिटिया के पिता लम्बे समय से कैंसर पीड़ित हैं। परिवार की स्थिति बहुत ही दयनीय है। हम समाजवादी लोग आज उस बिटिया के घर पूरी व्यवस्था के साथ आए हैं। अब बेटी बिना चिंता के ससुराल जाएगी। दहेज का सामान लेकर पहुंचे सपा नेताओं का मुहल्ले के लोगों ने बड़े प्रसन्न मन से स्वागत किया।
इस दौरान कैप्टन वीरेंद्र सिंह सोमवंशी, राजवीर सिंह, सूरज सिंह राठौड़, गफ्फार प्रधान, अच्छे खां आदि अन्य पदाधिकारी साथी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar

