home page

प्रदेश के 45,844 बूथों पर 59.55 लाख बच्चों को पिलाई गई पोलियोराेधी दवा की खुराक

 | 
प्रदेश के 45,844 बूथों पर 59.55 लाख बच्चों को पिलाई गई पोलियोराेधी दवा की खुराक


लखनऊ, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के 33 जनपदों में 22 नवंबर से शुरू हुए सघन पल्स पोलियो अभियान के पहले दिन 45,844 बूथों के माध्यम से 59.55 लाख बच्चों को पोलियोराेधी दवा की दो बूंद पिलाई गई। यह निर्धारित लक्ष्य का 45.42 प्रतिशत है। इस बार अभियान के तहत कुल 1.31 करोड़ बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

राज्य प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय गुप्ता ने बताया कि बच्चों को पोलियो से सुरक्षित रखना स्वास्थ्य विभाग की प्राथमिकता है।

उन्होंने कहा कि पोलियो से बचाव के लिए समय पर टीकाकरण बेहद जरूरी है, क्योंकि यह बीमारी बच्चे को जीवनभर की दिव्यांगता का शिकार बना सकती है। अभिभावक अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियोराेधी दवा की दाे बूंद अवश्य पिलाएं। बूथ दिवस पर किसी कारणवश दवा पीने से छूट गए बच्चों को स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाएंगे। हमारा प्रयास है कि कोई भी बच्चा इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे।

डॉ. गुप्ता ने बताया कि अभियान के पहले दिन प्रदेश के 33 जनपदों में सरकारी एवं सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर कुल 45,844 बूथ बनाए गए थे। बूथ दिवस पर पीलीभीत में सर्वाधिक 74.06 प्रतिशत बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इसके बाद गाजीपुर में 64.65 प्रतिशत, झांसी में 62.84 प्रतिशत, मिर्जापुर में 58.83 प्रतिशत और बदायूं में 57.90 प्रतिशत बच्चों को दवा पिलाई गई। वहीं, राजधानी लखनऊ में लगभग 30 प्रतिशत लक्षित बच्चों को बूथों पर पोलियो की खुराक दी गई।

उन्होंने बताया कि बूथ दिवस के बाद सोमवार से शुक्रवार तक स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे घर पहुंचने वाली स्वास्थ्य टीमों का सहयोग करें और अपने सभी पात्र बच्चों को पोलियो की दवा अवश्य पिलवाएं। अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत लक्षित बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन