home page

जून की अपेक्षा नवंबर माह के पाेलियाे अभियान में 429 बच्चों का अधिक हुआ टीकाकरण

 | 
जून की अपेक्षा नवंबर माह के पाेलियाे अभियान में 429 बच्चों का अधिक हुआ टीकाकरण


कानपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। शून्य से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की खुराक जरूर पिलाएं। अभियान में किसी भी बच्चे को छूटने न दें। यह बातें रविवार को मान्यवर कांशीराम जिला चिकित्सालय में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ करते हुए अपर निदेशक डॉ. रेनू पंत ने कहीं।

जनपद में आज राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के तहत बूथ दिवस आयोजित किया गया। इस दौरान कुल 1,78,522 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जून में हुए अभियान के दौरान 1,78,093 बच्चों को खुराक दी गई थी। इस बार जून की तुलना में 429 अधिक बच्चों का टीकाकरण हुआ। स्वास्थ्य विभाग ने अभियान में 100.24 प्रतिशत कवरेज दर्ज किया।

अभियान के लिए जनपद में 2,055 टीमें लगाई गई थीं। डॉ. रेनू पंत ने रामादेवी चौराहा स्थित ट्रांजिट बूथ, हरजिंदर नगर के डीटीसी, कैंट क्षेत्र और हरजिंदर नगर के पोलियो बूथ का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर टीकाकरण की स्थिति, टीमों की कार्यप्रणाली और उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

अभियान के दौरान अस्पतालों और अन्य टीकाकरण केंद्रों पर नवजात शिशुओं सहित पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. रमित रस्तोगी, डीआईओ डॉ. एसपी यादव, अर्बन नोडल अधिकारी डॉ. कैलाश चंद्र, एडीआईओ प्रखर सक्सेना, जेएसआई की प्रोग्राम ऑफिसर हुडा जहरा, यूएनडीपी से धनंजय श्रीवास्तव और शैलेन्द्र वाजपेयी सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप