home page

नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में एबीवीपी के विरोध प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, चौकी इंचार्ज व कांस्टेबल लाइन हाजिर

 | 
नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में एबीवीपी के विरोध प्रदर्शन में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई, चौकी इंचार्ज व कांस्टेबल लाइन हाजिर


कानपुर, 13 मई (हि.स.)। काकादेव कोचिंग मंडी में नीट-यूजी 2026 परीक्षा में पेपर लीक और अनियमितताओं के विरोध में बुधवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने न्यू स्पीड कोचिंग चौराहे पर विशाल प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। अभाविप कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस कर्मियों ने प्रदर्शनकारियों के साथ मारपीट की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसीपी सेंट्रल अतुल श्रीवास्तव ने पांडु नगर चौकी इंचार्ज निखिल शर्मा और कांस्टेबल आशुतोष पांडे को लाइन हाजिर कर दिया। साथ ही पूरे मामले की जांच कराने की बात कही गई है।

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान “विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “पेपर माफियाओं को गिरफ्तार करो” और “एनटीए की जवाबदेही तय करो” जैसे नारे लगाए। शहर के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों और कोचिंग संस्थानों से पहुंचे सैकड़ों विद्यार्थियों ने प्रदर्शन में भाग लिया और नीट-यूजी परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं के खिलाफ नाराजगी जताई।

अभाविप के प्रांत मंत्री दिनेश यादव ने कहा कि करोड़ों विद्यार्थी वर्षों तक कठिन परिश्रम करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही अनियमितताएं उनकी मेहनत और विश्वास दोनों को आहत कर रही हैं। गुंजन कुमार ने कहा कि नीट-यूजी जैसी राष्ट्रीय परीक्षा में भ्रष्टाचार और पेपर लीक विद्यार्थियों के सपनों पर सीधा प्रहार है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित शुक्ला ने कहा कि परीक्षा प्रणाली में लगातार हो रही गड़बड़ियां शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रही हैं। उन्होंने मांग की कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी की जवाबदेही तय की जाए और परीक्षा प्रक्रिया को तकनीकी रूप से सुरक्षित बनाया जाए। प्रान्त सहमंत्री मयंक पासवान ने कहा कि विद्यार्थी परिषद छात्रहित और शिक्षा की गरिमा की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।

महानगर मंत्री सुधांशु त्रिपाठी ने मांग की कि पूरे नीट-यूजी प्रकरण की जांच किसी उच्चस्तरीय केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए तथा परीक्षा माफियाओं के नेटवर्क को पूरी तरह खत्म किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य गुंजन, आशुतोष तिवारी, हर्षित पाण्डेय, कृष्णा भदौरिया, मानस यादव, मयंक चौहान, अनुराग, एल्विन, आलोक सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप