home page

जौनपुर में 1500 नए आरक्षियों के मिलने से मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था :एडीजी पीयूष मोर्डिया

 | 
जौनपुर में 1500 नए आरक्षियों के मिलने से मजबूत होगी पुलिस व्यवस्था :एडीजी पीयूष मोर्डिया


जौनपुर,28 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में कानून व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया ने शनिवार को पुलिस कार्यालय एवं पुलिस लाइन का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं का गहन निरीक्षण कर कार्यप्रणाली का जायजा लिया और व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी ने पुलिस लाइन और कार्यालय में उपलब्ध संसाधनों, उनके रखरखाव एवं कार्य प्रणाली की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग लगातार आधुनिक तकनीक और उन्नत उपकरणों से लैस हो रहा है, जिससे कार्यक्षमता में लगातार सुधार हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि थानों को भी नवीन संसाधनों से सुसज्जित किया गया है, जिससे पुलिसिंग और प्रभावी हुई है।

पुलिस बल में बढ़ोतरी को लेकर उन्होंने कहा कि आगामी 20 अप्रैल के आसपास नए प्रशिक्षु आरक्षियों की पासिंग आउट परेड प्रस्तावित है। इसके बाद जौनपुर जिले को लगभग 1500 नए आरक्षी मिलने की संभावना है, जिससे पुलिस बल की संख्या में करीब डेढ़ गुना वृद्धि होगी और सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

एडीजी ने अपराध नियंत्रण को लेकर कहा कि हाल ही में हुई अधिकांश आपराधिक घटनाओं का पुलिस द्वारा सफल खुलासा किया जा चुका है। शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

जनता की शिकायतों, विशेषकर सीयूजी नंबर पर कॉल रिसीव न होने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि व्यस्तता के कारण कभी-कभी ऐसा हो सकता है, लेकिन सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि वे समय पर फोन उठाकर आमजन की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

उन्होंने कहा कि पुलिस बल में वृद्धि के बाद गश्त और सुरक्षा व्यवस्था और सुदृढ़ होगी। साथ ही, वे स्वयं विभिन्न थानों का निरीक्षण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने का कार्य करेंगे।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव