home page

5 माह के अपहृत मासूम को पुलिस ने मुरैना से किया सकुशल बरामद, प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार

 | 
5 माह के अपहृत मासूम को पुलिस ने मुरैना से किया सकुशल बरामद, प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार


5 माह के अपहृत मासूम को पुलिस ने मुरैना से किया सकुशल बरामद, प्रेमी जोड़ा गिरफ्तार


मथुरा, 11 सितम्बर(हि.स.)। मथुरा जंक्शन से पांच माह के बच्चे के अपहरण के मामले में पुलिस ने प्रेमी जोड़े को मध्य प्रदेश के मुरैना से गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से बच्चे को सकुशल बरामद किया गया है। पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता को सौंप दिया है। शुक्रवार दोपहर पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता के दौरान सीओ रिफाइनरी प्रवीण तिवारी ने घटना का खुलासा किया है। सीओ ने बताया कि गिरफ्तार महिला सीमा की शादी वर्ष 2018 में देशराज से हुई थी। कई वर्ष तक संतान न होने पर पति द्वारा उसे प्रताड़ित किया जाता था। इसके बाद सीमा मुरैना जिला अस्पताल में निजी दाई का काम करने लगी और वहीं संजीव के साथ किराये के मकान में लिव-इन रिलेशन में रहने लगी। पुलिस के अनुसार, दोनों पांच सितंबर को घूमने के लिए मथुरा आए थे। पूछताछ में आरोपिताें ने बताया कि रेलवे स्टेशन के पास एक साधु ने सीमा का हाथ देखकर उसकी कुंडली में संतान सुख होने की बात कही थी। संतान की चाह में दोनों ने आठ सितंबर को मथुरा जंक्शन के गेट नंबर-2 के बाहर से बच्चे का अपहरण कर लिया। उस समय बच्चा अपनी मां के पास सो रहा था। बच्चे को लेकर दोनों मुरैना चले गए। वहां से मंदिर में दर्शन कराने के बाद घर लौट रहे थे। इसी दौरान हाईवे थाना पुलिस और साइबर सर्विलांस टीम ने सूचना के आधार पर 11 सितंबर को सुबह करीब 7ः10 बजे आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से अपहृत बच्चा सकुशल बरामद हो गया। पुलिस ने बच्चे को उसके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया। आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2)/61(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस टीम को मिली सराहना

प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार राठी, पन्नापोखर चौकी प्रभारी आनंद सिंह, साइबर सेल प्रभारी आशीष मलिक एवं सर्विलांस टीम की तत्परता से मासूम को सुरक्षित बचा लिया गया। आरोपिताें के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार