home page

पुलिस भर्ती परीक्षा : एडीजी प्रयागराज जोन ने फतेहपुर के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लिया जायजा

 | 
पुलिस भर्ती परीक्षा : एडीजी प्रयागराज जोन ने फतेहपुर के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर लिया जायजा


फतेहपुर, 09 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में पुलिस आरक्षी, नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की परीक्षा को पूर्णतः निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक प्रयागराज जोन, ज्योति नारायण ने फतेहपुर जिले का दौरा किया।

एडीजी ज्योति नारायण ने पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अभिमन्यु मांगलिक के साथ थाना कोतवाली नगर क्षेत्र स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, फतेहपुर के परीक्षा केंद्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्र के भीतर एवं बाहर तैनात पुलिस बल की व्यवस्था एवं सतर्कता का जायजा लिया। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी एवं प्रवेश प्रक्रिया की व्यवस्थाओं को परखा गया। परीक्षा केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता तथा कंट्रोल रूम की व्यवस्थाओं की जांच की। साथ ही केंद्र पर उपलब्ध अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का भी भौतिक सत्यापन किया गया।

एडीजी ज्योति नारायण ने ड्यूटी पर तैनात समस्त पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा केंद्र में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा संदिग्ध गतिविधि को कतई बर्दाश्त न किया जाए। केंद्र के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्र न होने दी जाए तथा यातायात व्यवस्था सुचारू रखी जाए। अभ्यर्थियों के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार करते हुए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन किया जाए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी थरियांव सहित अन्य अधिकारी, परीक्षा केंद्र के कर्मचारी एवं पुलिस बल के जवान उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार