पोखरे में उतराया मिला वृद्ध का शव, क्षेत्र में फैली सनसनी
जौनपुर,11मई (हि.स.)। जौनपुर में गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के कबीरूद्दीनपुर गांव में सोमवार सुबह उस समय हड़कम्प मच गया, जब गांव के बाहर स्थित एक पोखरे में 60 वर्षीय वृद्ध का शव उतराया हुआ मिला। मृतक की पहचान मेवा लाल कनौजिया निवासी कबीरूद्दीनपुर के रूप में हुई है, जो रविवार शाम से संदिग्ध परिस्थितियों में लापता थे।
परिजनों के अनुसार मेवा लाल रविवार शाम घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी खोजबीन के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। सोमवार सुबह पोखरे के पास खेल रहे बच्चों की नजर पानी में तैरते शव पर पड़ी। बच्चों के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव की पहचान मेवा लाल के रूप में हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वृद्ध की संदिग्ध मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। परिजनों की ओर से तहरीर मिलने पर मामले की गहन जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

