पीएमएसए लखीमपुर इकाई के अध्यक्ष बने डॉ. रामू सिंह वर्मा, सचिव पद पर मुकाबला टाई
लखीमपुर खीरी, 10 सितंबर (हि.स.)। प्रोविंशियल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (पीएमएसए ) उत्तर प्रदेश की लखीमपुर इकाई का चुनाव गुरुवार को एएनएम ट्रेनिंग सेंटर में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। चुनाव में डॉ. रामू सिंह वर्मा ने भारी मतों से जीत दर्ज कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया, जबकि सचिव पद पर दो प्रत्याशियों को बराबर वोट मिलने के कारण फैसला केंद्रीय कार्यकारिणी की सलाह पर छोड़ दिया गया है।
चुनाव अधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार रावत व डॉ. धनीराम भार्गव द्वारा जारी बयान के अनुसार लखीमपुर खीरी में संघ के कुल 86 सदस्य पंजीकृत हैं, जिनमें से 74 सदस्यों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। अध्यक्ष पद के मुकाबले में डॉ. रामू सिंह वर्मा को 54 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी डॉ. लालजी पासी को 18 वोट प्राप्त हुए। वहीं, सचिव पद के लिए खड़े डॉ. अमित कुमार सिंह और डॉ. पंकज कुमार को बराबर-बराबर वोट मिले, जिस वजह से इस पद के परिणाम पर निर्णय केंद्रीय कार्यकारिणी से मंत्रणा के बाद लिया जाएगा।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई अन्य पदों पर पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए, जिनमें उपाध्यक्ष महिला पद पर डॉ. प्रतिभा अवस्थी, उपाध्यक्ष सामान्य पद पर डॉ. अभिषेक साहू व डॉ. दीपेंद्र गौतम, उपाध्यक्ष रूरल पद पर डॉ. अजय वर्मा, और उपाध्यक्ष मुख्यालय पद पर डॉ. दिनेश पुष्कर चुने गए। इसके अलावा, केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य के रूप में डॉ. अमितेश द्विवेदी, वित्त सचिव पद पर डॉ. शिवपूजन अवस्थी तथा संपादक पद पर डॉ. विनोद कुमार निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव परिणाम आने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. संतोष गुप्ता ने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उनका स्वागत व अभिनंदन किया तथा उन्हें उज्ज्वल कार्यकाल के लिए हार्दिक बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव

