home page

दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने सहारनपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी

 | 
दिल्ली देहरादून एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने सहारनपुर पहुंचेंगे पीएम मोदी


सहारनपुर , 04 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली-दून

एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन को लेकर सहारनपुर में सरगर्मियां तेज हो गई है। 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करने पहुंचेंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत अन्य दिग्गज भी उनके साथ मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर सहारनपुर के बिहारीगढ़ क्षेत्र में उतरेगा, जहां भव्य कार्यक्रम की तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने की संभावना है, जिससे यह आयोजन राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन का रूप ले सकता है। आयोजन को आंबेडकर जयंती से जोड़कर दलित समाज को साधने की कोशिश भी मानी जा रही है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित और पिछड़ा वर्ग चुनावी दृष्टि से बेहद अहम है। ऐसे में आंबेडकर जयंती के दिन इस तरह का बड़ा आयोजन कर केंद्र और राज्य सरकार एक मजबूत राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है। विकास के साथ सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के इस संगम को आगामी चुनावों के लिहाज से भी काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

--वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का भी करेंगे अवलोकन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उद्घाटन के बाद वाइल्ड लाइफ कॉरिडोर का अवलोकन करते हुए देहरादून के लिए रवाना होंगे। इस बीच वह दोनों राज्यों के बॉर्डर पर स्थित डाट काली मंदिर में पूजा अर्चना भी करेंगे। इस पूरे कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह समेत अन्य अफसर दो दिनों से लगातार मौके पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। कार्यक्रम स्थल और रूट की वीडियोग्राफी कराई गई है और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं।

इसी फ्लाईओवर के बीच में एनएचएआई द्वारा एक विशेष ‘व्यू प्वाइंट’ तैयार किया गया है, जहां से प्रधानमंत्री फीता काटकर एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करेंगे। चारों ओर हरियाली, पहाड़ों और ठंडी हवाओं से घिरा यह स्थान पर्यटक स्थल जैसा अनुभव कराता है और इसे परियोजना का प्रमुख आकर्षण भी बनाया गया है। यहां वाहनों के रुकने के लिए छह लेन से अलग 300 मीटर अतिरिक्त सड़क भी बनाई गई है, जिससे लोग प्राकृतिक दृश्य का आनंद ले सकें।

--बिहारीगढ़ के गणेशपुर में सीएम योगी करेंगे जनसभा

दिल्ली-देहरादून हाईवे पर गणेशपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री के आगमन के पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जनसभा करेंगे। प्रस्तावित जनसभा को लेकर प्रशासन और एनएचएआई ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बिहारीगढ़ से करीब एक किलोमीटर दूर मनोहरपुर स्थित एनएचएआई के रेस्ट एरिया को सभा स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है, जहां से मुख्यमंत्री जनता को सम्बोधित करेंगे।

सहारनपुर नगर विधायक राजीव गुंबर ने बताया कि दिल्ली-दून एक्सप्रेस-वे के उदघाटन के लिये प्रधानमंत्री का प्रस्तावित दौरा 14 अप्रैल को लगभग तय माना जा रहा है। प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री सहारनपुर के गणेशपुर से आंबेडकर जयंती के दिन उद्घाटन करेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां तेज कर दी गयी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / MOHAN TYAGI