मोदी-योगी सरकार शिक्षक हितों के लिए प्रतिबद्ध : डॉ हरि सिंह ढिल्लो
मुरादाबाद, 10 जून (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार शिक्षक हितों के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। यह बातें मुरादाबाद-बरेली शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य डॉ हरि सिंह ढिल्लो ने बुधवार को मुरादाबाद में भाजपा मुरादाबाद महानगर के स्वागत एवं संवाद कार्यक्रम में कही।
मुरादाबाद-बरेली शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य डॉ. हरि सिंह ढिल्लों को भारतीय जनता पार्टी द्वारा आगामी शिक्षक विधान परिषद चुनाव का प्रत्याशी घोषित किए जाने के उपलक्ष्य में मुरादाबाद स्थित बुध विहार भाजपा कार्यालय पर स्वागत एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं शिक्षक समाज के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने डॉ. ढिल्लो का स्वागत किया।
कार्यक्रम में मंच पर महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिला अध्यक्ष आकाश कुमार पाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त, पूर्व सांसद वीर सिंह, पूर्व सांसद प्रत्याशी परमेश्वर लाल सैनी, पूर्व विधायक राजेश सिंह, ब्लॉक प्रमुख मनीष सिंह, ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, जिला चुनाव संयोजक भजनलाल पाल, महानगर चुनाव संयोजक नवदीप टंडन सहित अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर महामंत्री विशाल त्यागी ने किया।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

