home page

प्रधानमंत्री मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानों का सम्मान किया : रोहित अग्रवाल

 | 
प्रधानमंत्री मोदी ने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देकर किसानों का सम्मान किया : रोहित अग्रवाल


लखनऊ/मेरठ, 22 फ़रवरी (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने कहा कि मेरठ की पावन धरती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को स्मरण करते हुए व्यक्त किए गए विचारों से पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित पूरे प्रदेश में सकारात्मक संदेश गया है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न प्रदान करने का निर्णय भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) सरकार की ओर से लिया जाना इस बात का प्रमाण है कि वर्तमान सरकार किसान नेताओं के योगदान का सम्मान करती है।

रोहित अग्रवाल ने रविवार को कहा कि देश में लंबे समय तक विभिन्न दलों, विशेषकर कांग्रेस की सरकारें रहीं, किंतु किसी ने भी चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने की पहल नहीं की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह महसूस किया कि किसानों के हक और उनकी अस्मिता के लिए जीवन भर संघर्ष करने वाले नेता को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत किया जाना चाहिए। मेरठ, जिसे चौधरी चरण सिंह की कर्मभूमि और जन्मभूमि के रूप में जाना जाता है, वहां से उन्हें नमन करना किसानों के आत्मसम्मान से जुड़ा संदेश है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चीनी मिलों का आधुनिकीकरण, एथेनॉल इकाइयों की स्थापना, भंडारण क्षमता का विस्तार, कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन, डिजिटल मंडियों की स्थापना और ई-नाम व्यवस्था के माध्यम से किसानों को पारदर्शी भाव उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कृषि रक्षा इकाइयों और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए किसानों को तकनीकी जानकारी और सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं, जिससे कृषि क्षेत्र में व्यापक सुधार संभव हुआ है।

रोहित अग्रवाल ने विश्वास व्यक्त किया कि चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिए जाने से किसानों में उत्साह का वातावरण बनेगा, राष्ट्रीय लोकदल का जनाधार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में और सुदृढ़ होगा तथा गठबंधन को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि यह निर्णय किसान सम्मान और किसान समर्पण की भावना को पुष्ट करता है और भविष्य में भी सरकार किसानों के हित में कदम दर कदम कार्य करती रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा